बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 27 दिसंबर से बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही राज्य में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 दिसंबर को राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, कई जिलों में देर रात और सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है।
बारिश का अलर्ट
27 दिसंबर से राज्य के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश होने की संभावना है। बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय और जहानाबाद जैसे जिलों में बारिश हो सकती है।
इन जिलों में बदलेगा मौसम
आगामी पांच दिनों तक उत्तर बिहार के जिलों में मौसम सूखा रहने का अनुमान है। हालांकि, न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक सूखे मौसम का अनुमान लगाया है। विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर तक मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और गोपालगंज जैसे जिलों में आसमान में हल्के बादल छाए रहने के बावजूद कोई बारिश की संभावना नहीं है।
तापमान में गिरावट
इन जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इन जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है, जो 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
