Patna News: पटना में सरस्वती पूजा को लेकर प्रतिमा विसर्जन के लिए 10 घाटों पर कृत्रिम तालाब बने हैं। जिले में 33 मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, विसर्जन स्थलों पर 20 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। गुरुवार को सरस्वती पूजा एवं गणतंत्र दिवस है, जिसको पुलिस-प्रशासन एहतियात बरत रहा है। सरस्वती पूजा पर डीजे बजाने पर रोक लगाई गई है। डीजे के साथ किसी तरह का जुलूस नहीं निकाला जाना है। इतना ही नहीं जिला प्रशासन से अनुमति लिए बिना कोई समिति प्रतिमा स्थापित नहीं करेगी। अगर, कहीं नियम का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी किसी अफवाह मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों और पुलिस जवान प्रतिमा एवं विसर्जन स्थल पर सतर्क रहेंगे। डीएसपी और एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की कमान संभाले रहेंगे। अराजकता फैलाने वालों पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने का आदेश जारी हुआ है।
