पटना

आ रहा है मॉनसून.. बिहार में कल से बदलेगा मौसम, मिलेगी गर्मी से राहत, आज इन जिलों में बारिश के आसार

बिहार में मॉनसून दस्तक देने वाला है। कल से यहां के मौसम में बदलाव होने वाला है। जिसकी शुरुआत आज से ही हो जाएगी। आज प्रदेश के सभी जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। कई जिलों में आज हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने के आसार हैं।

Image

बिहार में होने वाली है मॉनसून की दस्तक

Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में मौसम की चाल बदलने वाली है। बीते कई दिनों से यहां के लोग भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं। लेकिन अब बिहारवासी मॉनसून के स्वागत के लिए तैयार हो जाएं। कल से लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है। बिहार के मौसम में कल से बड़ा बदलाव होने वाला है। जिसकी शुरुआत आज से ही देखने को मिलेगी। आज उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में बादल बनने शुरू हो गए हैं। कल से पूरे बिहार में बादल छाने लगेंगे। मौसम विभाग के अनुसार कल से लेकर अगले चार दिनों तक दिन के तापमान मे 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसी दौरान बिहार में मॉनसून की बारिश भी दस्तक देने वाली है। यहां मॉनसून की बारिश की शुरुआत उत्तर पूर्वी हिस्सों से होगी।

आज इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के सभी जिलों में बादल देखने को मिल सकते हैं। आज प्रदेश के कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इन जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार और सहरसा शामिल हैं। वहीं भागलपुर, मुंगेर, बांका, सीतामढ़ी, शिवहर, मुज़फ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, जमुई, समस्तीपुर और खगड़िया में बादलों के गरजने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। इन जिलों में आज दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्यिस के बीच रह सकता है।

इन जिलों में रहेगी उमस भरी गर्मी

बिहार के कई जिलों में आज उमस भरी गर्मी भी परेशान कर सकती है। इन जिलों में पटना, जहानाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण और लखीसराय शामिल हैं। इन जिलों में दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके अलावा औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, भभुआ, रोहतास और अरवल में भीषण लू चलने की भी आशंका है। इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान इन जिलों का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रह सकता है। इन जिलों में कल से लू की स्थिति खत्म हो जाएगी। इन जिलों में 17 जून को बारिश होने की भी संभावना है। ये सबसे ज्यादा लू और गर्मी की चपेट में रहने वाले जिले भी है।

लू की चपेट में रहे 16 जिले

शुक्रवार को बिहार के कुछ जिलों में गर्मी ने सताया, वहीं कई जिलों में राहत महसूस की गई। 14 जून को किशनगंज और अररिया में बारिश हुई। वहीं पटना में शाम से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं, जो मौसम में बदलाव होने का संकेत दे रही है। शुक्रवार को बिहार में 16 जिलों में लू चली। वहीं 17 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। 14 जून को बिहार का सबसे गर्म जिला भोजपुर और बक्सर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री रहा। इसके अलावा पटना में 42.8°C, डेहरी में 45.6°C, औरंगाबाद में 45.4°C, गया में 45.3°C और अरवल में 45.1°C दर्ज अधिकमत तापमान दर्ज किया गया।

अन्य जिलों में मॉनसून की दस्तक

आईएमडी के अनुसार अगले 3-4 दिनों में मॉनसून उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। बिहार और झारखंड में 16-18 जून तक मॉनसून दस्तक दे सकता है। वहीं यूपी में 20 सा 30 जून तक मॉनसून का आगमन हो सकता है और दिल्ली में 27 जून के आसपास पहुंच सकता है। छत्तीसगढ़ में समय से पहले ही मॉनसून दस्तक दे चुका है। यहां 8 जून को ही दक्षिण पश्चिम मॉनसून पहुंच गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article