शहर

भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में RJD की जीत से तेजस्वी यादव गदगद; बोले- बैलेट पेपर से वोटिंग में कहीं नहीं टिकेगा NDA

MLC Bypolls: भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी सोनू राय की जीत को लेकर तेजस्वी यादव गदगद नजर आए और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी।

Image

राजद नेता तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)

MLC Bypolls: भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी सोनू राय की जीत को लेकर तेजस्वी यादव गदगद नजर आए। उन्होंने सोनू राय सहित राजद के तमाम प्रत्याशियों को बधाई दी। साथ ही एनडीए पर जमकर निशाना साधा और कहा कि बैलेट पेपर से अगर चुनाव होगा तो एनडीए को हार का सामना करना पड़ेगा।

NDA पर बरसे तेजस्वी

सोनू राय को मिली जीत के बाद राजद खेमे में उत्साह का माहौल है और पार्टी नेताओं ने इसे जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। तेजस्वी यादव ने 'एक्स' पर कहा, ''राजद प्रत्याशी की जीत को लेकर सभी कार्यकर्ताओं, मतदाताओं और नेताओं को बधाई दी। हम शुरू से कहते आए हैं कि अगर देश और राज्य में बैलेट से चुनाव होगा तो भाजपा नीत एनडीए कहीं भी मुकाबले में नहीं टिक पाएंगे।''

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पोस्टल बैलेट के जरिए महागठबंधन ने 150 से अधिक सीटों पर बढ़त हासिल की थी, लेकिन बाद में व्यवस्था की चालबाजियों, साजिशों और धांधली के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

इस दौरान उन्होंने मतगणना की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज भी अगर मशीन से गिनती होती है तो रात एक-दो बजे तक मतगणना होती है, जबकि पहले बैलेट पेपर से वोटों की गिनती में भी लगभग इतना ही समय लगता था। ऐसे में जब समय उतना ही लग रहा है तो बैलेट पर वोटिंग क्यों नहीं होती है? उन्होंने आगे कहा कि अगर बैलेट पर होती है तो एनडीए कहीं टिकने वाली नहीं है। मैं बक्सर के पार्टी नेताओं को इस जीत के लिए फिर से बधाई देता हूं।

सोनू राय ने NDA प्रत्याशी को हराया

भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव के नतीजे गुरुवार को जारी किए गए। इस उपचुनाव में राजद प्रत्याशी सोनू राय ने एनडीए प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद करारी शिकस्त दी। इस सीट पर जीत का अंतर 350 से ज्यादा मतों का रहा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article