शहर

Patna News: पटना में बैखौफ अपराधियों का तांडव; सरेआम गोलीबारी की दो वारदात में एक की मौत

Patna News: पटना में सोमवार को दो अलग-अलग अपराध घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। आलमगंज थाना क्षेत्र में डाकघर के पास अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद कर फॉरेंसिक जांच शुरू की है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दूसरी घटना गौरीचक थाना क्षेत्र के फतेहपुर में हुई, जहां जमीन विवाद को लेकर प्रॉपर्टी डीलर विनोद कुमार को गोली मार दी गई। उनकी हालत नाजुक है और अस्पताल में इलाज जारी है।

Image

पटना में दो जगह गोलीबारी की वारदात (सांकेतिक तस्वीर | iStock)

Photo : iStock

Patna News: बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को अपराध की दो अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। एक ओर सरेआम युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर जमीन विवाद में एक प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाकर गोली चलाई गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश की जा रही है।

आलमगंज में युवक की सरेआम हत्या

पहली घटना पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र की है, जहां सोमवार शाम डाकघर के पास अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना थाना क्षेत्र से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हमलावर फरार होने में सफल रहे। सूचना मिलते ही पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोखे और एक कारतूस बरामद किया है। फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।

गौरीचक में प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग

दूसरी घटना पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के फतेहपुर इलाके में सामने आई। यहां जमीन विवाद को लेकर अज्ञात लोगों ने प्रॉपर्टी डीलर विनोद कुमार को गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार विनोद कुमार को सूचना मिली थी कि उनकी जमीन पर बाउंड्री कराई जा रही है। जब वे मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

अलग-अलग मामलों में दर्ज हुई प्राथमिकी

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है। छापेमारी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article