शहर

पटना में 'स्पेशल 26' स्टाइल में लूट; कस्टम अधिकारी बन बदमाशों ने व्यापारियों से लूटा 21 करोड़ का सोना!

पटना के खगौल में अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में 15 किलो सोना लूट लिया, जिसकी कीमत तकरीबन 21 करोड़ आंकी जा रही है। खुद को कस्टम अधिकारी बताकर बदमाशों ने गुजरात के व्यापारियों को निशाना बनाया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है।

Image

व्यापारियों को कार में बंधक बनाकर लूटा सोना (सांकेतिक चित्र)

Patna News: बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में ठगी और लूट की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है, जिसने पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है। खुद को 'कस्टम अधिकारी' बताकर जालसाजों ने गुजरात से आए दो स्वर्ण व्यापारियों से करीब 15 किलो सोना लूट लिया और मौके से फरार हो गए। करोड़ों रुपये के इस सोने की लूट ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

राजकोट से आए थे कारोबारी

जानकारी के अनुसार, गुजरात के राजकोट से दो सोने के व्यवसायी प्रिंस (25 वर्ष) और महेश (35 वर्ष)अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19483) के जरिए दानापुर स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास लगभग 15 किलोग्राम सोना था, जिसे वे पटना के बाकरगंज ले जा रहे थे। शनिवार रात जब दोनों कारोबारी स्टेशन से बाहर निकलकर ऑटो से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे, तभी खगौल थाना क्षेत्र के आरओबी के पास पहले से घात लगाए बैठे 3-4 अपराधियों ने कार और मोटरसाइकिल से उनका रास्ता रोक लिया।

'कस्टम चेकिंग' के नाम पर कार में बैठाया और लूट लिया सोना

अपराधियों ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताया और जांच के नाम पर व्यापारियों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। झांसे में लेकर बदमाशों ने दोनों पीड़ितों को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और नौबतपुर नहर के पास एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां अपराधियों ने तकरीबन 21 करोड़ के मूल्य का 15 किलो सोना लूट लिया और दोनों व्यापारियों को सड़क पर फेंक कर रफूचक्कर हो गए। जब तक पीड़ितों को अहसास हुआ कि वे असली अधिकारियों नहीं बल्कि लुटेरों के चंगुल में थे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

जांच के लिए SIT गठित, चोरी की कार बरामद

घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। दानापुर के सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) शिवम धाकड़ ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये वाहन चोरी के हैं। इसके अलावा पुलिस ने नौबतपुर क्षेत्र से एक संदिग्ध बैग भी बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से लुटेरों की तलाश

पुलिस अब दानापुर स्टेशन से लेकर नौबतपुर तक के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के भागने के रूट और उनकी पहचान की जा सके। FSL की टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम है जिसने बेहद योजनाबद्ध तरीके से व्यापारियों की रेकी की और फिर 'कस्टम अधिकारी' बनकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें