शहर

Patna News: आज पूरे पटना की बत्ती होगी गुल, बजेंगे हवाई हमले के सायरन; सड़कों पर दौड़ेंगी एंबुलेंस!

पटना में गुरुवार 14 मई 2026 को अचानक बिजली गुल हो जाएगी। हर तरफ सायरन बजने लगेंगे और पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एंबुलेंस सभी तेजी में दिखेंगे। अगर आप पटना में हैं तो घबराएं नहीं...

Image

पटना में गुरुवार को हवाई हमले से निपटने की होगी तैयारी

Patna News: शाम का वक्त। सूरज डूब चुका होगा। आसमान में अंधेरा गहराता जा रहा होगा। गर्मी के दिन और पूरे पटना की बिजली गुल। फिर अचानक साइरन बजने लगेंगे। कुछ लोग इधर-उधर भागते हुए नजर आएंगे। कोई स्ट्रेचर लेकर जा रहा होगा। कोई किसी मरीज को सीपीआर देता नजर आएगा। इधर पुलिस, NDRF, SDRF, फायर ब्रिगेड की टीमें किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार होंगी। पूरा पटना ब्लैकआउट में डूबा होगा। ये सब होगा आज यानी गुरुवार शाम 7 से 7.15 बजे तक। लेकिन आपको घबराने की जरूरत नहीं है। चलिए जानते हैं क्यों -

आज यानी गुरुवार 14 मई को पटना में सिविल डिफेंस ब्लैकआउट या मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। यह ड्रिल शाम 7 बजे से 7.15 बजे तक पटना के शहरी क्षेत्रों में की जाएगी। इस दौरान नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियां और आपदा प्रबंधन प्रणाली कितनी चुस्त-दुरुस्त है, उसका टेस्ट किया जाएगा।

हवाई हमले से निपटने की तैयारी

डीएम पटना ने इस संबंध में जानकारी दी है। उनका कहना है कि यह मॉकड्रिल हवाई हमले की संभावित स्थिति में प्रशासनिक तैयारियों की जांच के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह एक पूर्व निर्धारित अभ्यास है और किसी वास्तविक हमले की कोई स्थिति नहीं है। आम जनता से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

सभी नागरिकों से मॉकड्रिल में शामिल होने की अपील

निर्धारित समय पर सभी नागरिकों से अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है। जैसे ही सायरन बजेगा, 2 मिनट का ब्लैकआउट लागू होगा। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की व्यवस्था, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम, मेडिकल रिस्पॉन्स और फायर फाइटिंग सिस्टम की कार्यक्षमता का टेस्ट किया जाएगा।

दानापुर, खगौल, फुलवारी शरीफ सभी इस ड्रिल में शामिल

इस मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनसीसी, पुलिस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सेवाएं और सिविल डिफेंस सहित कई एजेंसियां शामिल होंगी। प्रशासन ने बताया कि दानापुर, खगौल, फुलवारी शरीफ सहित पटना नगर निगम क्षेत्रों में यह अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल में क्या-क्या होगा?

मॉकड्रिल के दौरान एयर रेड अर्ली वार्निंग सिस्टम, इवैक्युएशन, शेल्टरिंग, सर्च एंड रेस्क्यू, मेडिकल कैजुअल्टी रिस्पॉन्स और फायर फाइटिंग जैसे 6 प्रमुख चीजों का अभ्यास किया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों, स्कूलों, व्यवसायियों और सिविल सोसाइटी से इस मॉक ड्रिल में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article