शहर

MP News: दूषित पानी ने बिगाड़ी तबीयत, गुना में 10 से ज्यादा बच्चे बीमार

मध्य प्रदेश के गुना जिले में दूषित पानी पीने से 10 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। बताया जा रहा है कि बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें हुई। जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने पानी के सैंपल जांच के लिए भेज दिया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Guna Contaminated Water: मध्य प्रदेश के गुना जिले से दूषित पानी पीने से 10 से अधिक बच्चों के बीमार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिले के वार्ड 9 और 10 में दूषित पेयजल के कारण बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी बच्चों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द की समस्या हुई, वहीं कुछ मामलों में पीलिया जैसे लक्षणों दिखाई दिए। जिसके बाद तुरंत उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पानी के सैंपल की जांच की जा रही है।

पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और जल जीवन मिशन की टीम एक्टिव हो गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पानी की जांच के लिए सैंपल लिए और उन्हें प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जल जीवन मिशन गुना के मुख्य अधिकारी संचित धेमरी ने बताया कि बच्चे दूषित पानी पीने के कारण बीमार पड़ गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र में पानी की सप्लाई करने वाला टैंक कम से कम छह वार्डों को पानी पहुंचाता है।

अधिकारी ने बताया कि आज पानी का सैंपल लिया गया है, लेकिन पानी में कोई पीलापन या गदंगी नहीं दिखाई दी। लेकिन फिर भी पानी के सैंपल को पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग लैब में जांच के लिए भेजा गया है। कल सुबह पानी की सप्लाई शुरू होने पर फिर से सैंपल लिया जाएगा। जिसके बाद साफ हो सकेगा कि पानी दूषित है या नहीं। उन्होंने बताया की पानी की जांच की रिपोर्ट एक से दो दिन में आ जाएगी।

सभी बच्चों की हालत स्थिर

दूषित पानी के कारण बीमार हुए बच्चों की उम्र करीब 5 से 11 साल के बीच बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर का कहना है कि सभी बच्चों की हालत सामान्य है और फिलहाल स्थिति स्थिर है। अधिकारियों ने कहा कि अभी तक बीमारी के सटीक कारण की पुष्टि नहीं हुई है और लैब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article