शहर

बक्सर कोर्ट में दुष्कर्म के आरोपियों की पेशी से मचा हड़कंप, देखते ही देखते जुटी भीड़-फूटा लोगों का गुस्सा; पुलिस ने संभाला माहौल

Buxar Court News: बक्सर कोर्ट में छात्र से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों की पेशी के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोपियों को देखते ही कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों और अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद हंगामे की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट से बाहर निकाला और बाद में सेंट्रल जेल भेज दिया।

Image

कोर्ट पहुंचे छात्र से दुष्कर्म के आरोपी तो भड़का आक्रोश

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Buxar Court News: बिहार के बक्सर में एक छात्र से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के दौरान कोर्ट परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। आरोपियों को देखते ही वहां मौजूद लोगों और अधिवक्ताओं में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ लोगों की ओर से आरोपियों के साथ मारपीट की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई।वहीं इसके बाद पुलिस को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था संभालनी पड़ी।

आरोपियों के खिलाफ लोगों में दिखा आक्रोश

पुलिस से मिली के जानकारी के मुताबिक, कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नथुनी अहीर डेरा मध्य विद्यालय में पढ़ने वाले एक छात्र से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों को कानूनी प्रक्रिया के तहत बक्सर कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। जैसे ही पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर कोर्ट परिसर में पहुंची, वहां मौजूद लोगों को मामले की जानकारी हुई और भीड़ जुटने लगी। आरोपियों के खिलाफ लोगों में काफी आक्रोश दिखाई दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत दोनों आरोपियों को अपने घेरे में ले लिया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके।

मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी

बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए आरोपियों को सुरक्षित तरीके से पुलिस वाहन तक पहुंचाया। इसके बाद न्यायालय में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। पेशी की कार्रवाई समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस सुरक्षा में सेंट्रल जेल भेज दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी पूरे घटनाक्रम के दौरान सतर्क रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article