शहर

Patna News: बिहार की जनता से सीख ले विपक्ष, कांग्रेस की ‘वोट चोरी’ रैली पर दिलीप जायसवाल का पलटवार

बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस की ‘वोट चोरी’ रैली पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष को बिहार की जनता से सीखना चाहिए, जिसने SIR प्रक्रिया को स्वीकार कर चुनाव में अपना फैसला दिया। उन्होंने बताया कि 7 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने मतदाता सूची शुद्धिकरण का समर्थन किया। कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि गृह विभाग सुरक्षा तंत्र को मजबूत कर रहा है और बड़ी संख्या में नए अधिकारी पुलिस में शामिल हुए हैं।

Image

विपक्ष भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा- दिलीप जायसवाल (स्क्रीनग्रैब: IANS)

Photo : IANS

Patna News: बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस की 'वोट चोरी' रैली पर करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को बिहार की जनता से सीखना चाहिए, जिसने SIR प्रक्रिया का साथ देते हुए चुनाव में अपना फैसला दिया।

"विपक्ष को बिहार की जनता से सीखना चाहिए"

दिलीप जायसवाल ने समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में कहा, "देश में सबसे पहले बिहार में SIR प्रक्रिया की शुरुआत हुई, जिससे मतदाता सूची का शुद्धिकरण किया गया। बिहार के 7 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने SIR प्रक्रिया का साथ दिया। बिहार में SIR के बाद चुनाव हुए, जिसमें जनता ने खुलकर मतदान किया।" उन्होंने कहा, "विपक्षी दलों को बिहार के 7 करोड़ से अधिक मतदाताओं से सीखना चाहिए कि जब राज्य ने SIR को स्वीकार किया है और मतदाता सूची के शुद्धिकरण को सही माना है, तब ये लोग क्या कर रहे हैं? विपक्ष के इन नेताओं को जनता समझ रही है और पहचान रही है, इसीलिए विपक्षियों के हाशिए पर पहुंचने का समय आ चुका है।"

कानून व्यवस्था पर भी बोले जायसवाल

बिहार सरकार की कानून व्यवस्था पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य का गृह विभाग सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने में जुटा है। शनिवार को परेड के बाद बिहार पुलिस के साथ बड़ी संख्या में सब-इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी शामिल हुए हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृह मंत्री सम्राट चौधरी राज्य में लगातार सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए प्रयासरत हैं।

मोदी 2047 तक बनाएंगे विकसित भारत

'ट्रंप टैरिफ' पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि अमेरिका कितने भी प्रतिशत टैरिफ लगाए, भारत उस देश पर निर्भर नहीं है। भारत की अपनी आर्थिक नीति है, जिस पर चलते हुए देश काफी मजबूत हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना भारत को 2047 तक 'विकसित राष्ट्र' बनाने का है। देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी कोशिश अगले कुछ सालों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की है। दिलीप जायसवाल ने भाजपा संगठन को लेकर कहा कि आज पूरे देश में पार्टी का विस्तार हो रहा है और राज्यवार हम अपना ध्वज फहरा रहे हैं।

इनपुट-आईएएनएस

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!