Odisha Crash: ओडिशा के राउरकेला के पास शनिवार को एक प्राइवेट एयरलाइन का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, विमान में बैठे लोगों को ज्यादा चोटें नहीं आई हैं और वह बाल-बाल बच गए। इस विमान में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राउरकेला के पास शनिवार दोपहर विमान की क्रैश लैंडिंग हुई। ओडिशा के वाणिज्य और परिवहन मंत्री बी. बी. जेना ने बताया कि राउरकेला की ओर जा रहा विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि यह घटना राउरकेला से 10 किलोमीटर दूर जाल्दा में हुई। भगवान की कृपा से यह कोई बड़ा हादसा नहीं है।
टेकऑफ के बाद विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त
बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट के डायरेक्टर प्रसन्ना प्रधान ने बताया, "विमान भुवनेश्वर से राउरकेला जा रही थी। राउरकेला से 10 किमी पहले विमान की क्रैश लैंडिंग हुई। इसमें 4 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। यह फ्लाइट इंडिया वन एयरलाइंस की है। फ्लाइट का नंबर C-208 है।"
बकौल मंत्री, राज्य सरकार ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने कहा, "हमारे डायरेक्टर भी जल्द ही दुर्घटनास्थल का दौरा करेंगे।" एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि यह एक प्राइवेट ऑपरेटर द्वारा राउरकेला और भुवनेश्वर के बीच चलाई जाने वाली रेगुलर फ्लाइट थी।
