Odisha Bus Fire Accident: भुवनेश्वर से नबरंगपुर जा रही एक बस में शनिवार तड़के पिछला टायर फटने के कारण आग लग गई। इस हादसे में ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला सहित 37 यात्री बच गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना आंध्र प्रदेश के रामभद्रपुरम के पास हुई। विधायक खिला ने बताया कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन इससे पहले सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने पुष्टि की कि विधायक और सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है।
यात्री नींद में थे तब लगी आग
पुलिस ने बताया कि चालक की सतर्कता और यात्रियों की चौकसी के चलते बड़ा हादसा टल गया। मौके पर दमकल कर्मी और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत पहुंची और आग को काबू में किया, हालांकि बस पूरी तरह जल गई। मलकानगिरि जिले के चित्रकोंडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगू खिला ने बताया कि आग उस समय लगी जब सभी यात्री नींद में थे।
बाल-बाल बचे सभी यात्री
कांग्रेस विधायक ने कहा कि चालक ने तुरंत बस रोककर खिड़कियां खोलीं और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। विधायक ने बताया कि वह भुवनेश्वर के रसूलगढ़ बस स्टैंड से बस में सवार होकर मलकानगिरि जा रहे थे। बाद में सभी यात्रियों को दूसरी बस से मलकानगिरि भेजा गया। बताया जा रहा है कि, इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
आग के कारणों का जांच जारी
स्थानीय लोगों ने बताया कि, आग इतनी तेज थी कि दमकल और स्थानीय पुलिस के मौके पर पहुंचने तक बस पूरी तरह से लोहे के ढांचे में बदल चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। यात्रियों का सारा सामान और कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं। हादसे के बाद परिवहन विभाग ने तुरंत दूसरी बस का प्रबंध किया और विधायक सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। फिलहाल, पुलिस टायर फटने के कारणों के साथ-साथ बस की तकनीकी स्थिति और फिटनेस की भी जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
