Noida Accident News: नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार लग्जरी स्कोडा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार एक युवती की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नोएडा में कहां हुआ हादसा
यह हादसा सेक्टर-71 अंडरपास के पास बाबा बालकनाथ मंदिर के सामने हुआ। कार ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जार रही थी, इसी दौरान बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलट गई। पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना रात को करीब एक बजे मिली। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने कार में सवार दो युवतियों और एक युवक को तुरंत बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने एक युवती को मृत घोषित कर दिया।
तीनों निजी बैंक में करते थे काम
मृतक युवती की पहचान बरेली के कोहाड़ापीर निवासी गुल्फिशा के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल युवक की पहचान दिल्ली के जामिया नगर स्थित जोहरी फार्म निवासी मुर्तजा अब्बास के तौर पर हुई है, जबकि घायल युवती अनुष्का चौधरी मथुरा के धौली प्याऊ इलाके की रहने वाली बताई जा रही है। तीनों दिल्ली स्थित एक निजी बैंक में काम करते थे और किसी निजी काम से रात में यात्रा कर रहे थे।
घायलों को दिल्ली किया गया रेफर
हादसे में घायल हुए दोनों लोगों को गंभीर हालत के दिल्ली रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मृतक युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है। हालांकि पुलिस दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
