नोएडा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार यानी आज नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन शुरू होने के संबंध में तैयारियों की समीक्षा करेंगे और सेक्टर-50 में नवनिर्मित मेदांता अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया। अधिकारियों के मुताबिक, CM योगी आदित्यनाथ 12:50 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और करीब 2 घंटे एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट टर्मिनल का निरीक्षण सहित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पदाधिकारियों संग बैठक भी करेंगे।
अधिकारी एयरपोर्ट की स्टेटस रिपोर्ट देंगे और साथ ही PM मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियों का जायजा लेंगे और 2 बजे हेलीकॉप्टर से सेक्टर 113 पर बने हेलीपैड पर उतरेंगे। हेलीपैड से रोड के जरिए सेक्टर 51 स्थित मेदांता हॉस्पिटल पहुंचकर उसका उद्घाटन करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री पहले जेवर स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कामकाज की समीक्षा करेंगे। इससे पहले हवाई अड्डे पर विभिन्न मानकों की पड़ताल की गई। अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा कुछ जगहों पर पर यातायात का मार्ग भी बदला जाएगा।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो की टीम ने हवाई अड्डे पर सोमवार और मंगलवार को तैयारियों और कामकाज का निरीक्षण किया तथा मानकों की जांच की। टीम ने हवाई अड्डे के सभी सुरक्षा उपकरणों की जांच की।
अधिकारी के अनुसार टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को सौंपेगी और वहां से हरी झंडी मिलने के बाद जल्द ही हवाई अड्डे को परिचालन का लाइसेंस मिलने की उम्मीद है।
