नोएडा

नोएडा में कल सीएम योगी का दौरा; इन मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन, जानें ट्रैफिक एडवाइजरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 नवंबर को जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ इसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह नोएडा के सेक्टर-50 में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इन मार्गों में कुछ समय के लिए बदलाव किया जाएगा।

Noida Route Diversion Tomorrow Amid CM Yogi Visit (Photo: ANI)

सीएम योगी के दौरे के बीच कल नोएडा में रूट डायवर्जन (फोटो: ANI)

CM Yogi Noida Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 नवंबर, गुरुवार को जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके बाद वह नोएडा के सेक्टर-50 में बने एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले योजना थी कि गाजियाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे जेवर एयरपोर्ट का दौरा करेंगे और फिर नोएडा पहुंचकर सेक्टर-50 स्थित एक अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।

कल यहां रहेगा रूट डायवर्जन

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को दोपहर लगभग ढाई बजे सीएम योगी अस्पताल के उद्घाटन के लिए पहुंचेंगे और वहां लगभग 45 मिनट तक रहेंगे। लेटेस्ट ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, इस दौरान सेक्टर-113 से सेक्टर-50 तक आने-जाने वाले मार्गों पर, जैसे कि सेक्टर-78 अस्पताल के सामने वाली सड़क, बरौला बाइपास और सेक्टर-50 के मुख्य मार्गों सहित कुछ अन्य सड़क मार्गों पर 20-25 मिनट के लिए वाहन मार्गों में बदलाव किया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात पुलिस ने यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए पहले से ही योजना तैयार कर ली है।

भंगेल एलिवेटेड रोड का उद्घाटन टला

कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री डीएससी रोड पर स्थित भंगेल एलिवेटेड रोड का औपचारिक उद्घाटन करने की योजना बना रहे थे और इसके बाद सेक्टर-38 के गोल्फ कोर्स में एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने वाले थे। लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के चलते अब मुख्यमंत्री गाजियाबाद के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीधे नोएडा एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे और उसके बाद सेक्टर-50 स्थित अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे गाजियाबाद के हिंडन क्षेत्र की ओर लौट जाएंगे। इस बदलाव के कारण मुख्यमंत्री के हाथों भंगेल एलिवेटेड रोड का औपचारिक उद्घाटन अब संभव नहीं हो पाएगा।

सेक्टर-113 में हेलीपेड का निर्माण

प्राधिकरण पिछले ढाई महीनों से मुख्यमंत्री से रोड का उद्घाटन कराने की कोशिश में था। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले में तीन बार आए, लेकिन उद्घाटन का अवसर नहीं मिल सका। हालांकि, लोगों की मांग और किसानों की चेतावनी के बाद प्राधिकरण ने एक सप्ताह पहले ही परीक्षण के तौर पर भंगेल एलिवेटेड रोड खोल दिया है, जिससे वाहन चालक अब बिना ट्रैफिक जाम के सेक्टर-37 से फेज टू की ओर आसानी से आ-जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-113 में हेलीपेड का निर्माण किया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के निर्देशानुसार इसका काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही यह पूरा हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, हेलीपेड पर लैंडिंग के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।

कहां तक पहुंचा एयरपोर्ट का काम?

एयरपोर्ट के प्रथम चरण के तहत 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में चल रहा निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है। इस चरण में रनवे, टैक्सीवे, टर्मिनल, पार्किंग और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। बैगेज हैंडलिंग, बोर्डिंग, सिक्योरिटी स्क्रीनिंग और यात्री प्रबंधन जैसी तकनीकी प्रणालियों के परीक्षण भी सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं। गुरुवार को डीजीसीए, बकास, यूपी नागरिक उड्डयन विभाग, नायल, सीआईएसएफ और एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारी उच्चस्तरीय बैठक में अन्य तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसके शुरू होने के बाद पहले घरेलू उड़ानें और कार्गो सेवाएं शुरू होंगी, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से इसका विस्तार किया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi Author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article