बिजनेस

दिवाली-छठ पर घर जाना महंगा! इन शहरों के टिकटों के दाम सबसे ज्यादा बढ़े

दिवाली और छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों की जेब पर इस बार हवाई किराए की मार पड़ सकती है। कई घरेलू रूट्स पर टिकट के दाम तेजी से बढ़े हैं और कुछ रूट्स पर किराया 68% तक महंगा हुआ है।

Image

इन शहरों के टिकटों के दाम सबसे ज्यादा बढ़े

दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में हर साल ट्रेनों और फ्लाइट्स की मांग बढ़ जाती है। इस बार हवाई सफर करने वालों के लिए यह त्योहार थोड़ा महंगा साबित हो सकता है। देश के कई प्रमुख घरेलू रूट्स पर फ्लाइट टिकट के किराए में काफी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ रूट्स पर पिछले साल की तुलना में किराया 68% तक बढ़ गया है।

अगर आप दिवाली या छठ पर घर जाने के लिए फ्लाइट बुक करने की सोच रहे हैं तो देर करने पर आपका बजट और बिगड़ सकता है। दिल्ली-मुंबई और मुंबई-कोलकाता जैसे व्यस्त रूट्स पर भी किराए में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसके अलावा मुंबई-जामनगर, दिल्ली-नवी मुंबई, अहमदाबाद-कोलकाता और हैदराबाद-जयपुर जैसे रूट्स भी महंगे हुए हैं। इन रूट्स पर त्योहारों के दौरान यात्रियों की मांग बढ़ने से टिकट की कीमतों पर असर पड़ा है।

इन रूट्स पर सबसे ज्यादा बढ़ा रेट

सबसे ज्यादा चर्चा दिल्ली-हैदराबाद रूट की है। यहां एकतरफा औसत किराया पिछले साल की तुलना में करीब 68% बढ़ा है। वहीं मुंबई-कोलकाता रूट पर भी किराए में लगभग 51% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यानी जिन लोगों ने पिछले साल इन रूट्स पर सफर किया था, उन्हें इस बार टिकट के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।

हवाई किराए में बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह फ्लाइट्स की संख्या में कमी भी है। OAG के आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर से दिसंबर के बीच पिछले साल की तुलना में घरेलू उड़ानों की संख्या करीब 5% कम रहने का अनुमान है। हालांकि, कुल सीट क्षमता में कमी सिर्फ 1.2% है। इसका मतलब है कि एयरलाइंस कम उड़ानें चला रही हैं, लेकिन कुछ रूट्स पर बड़ी क्षमता वाले विमानों का इस्तेमाल कर रही हैं।

इसके अलावा एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में बढ़ोतरी का असर भी टिकट के किराए पर पड़ा है। विमान चलाने की लागत बढ़ने के कारण एयरलाइंस के खर्च में इजाफा हुआ है। इसका कुछ हिस्सा यात्रियों से बढ़े हुए टिकट किराए के रूप में वसूला जा रहा है।

क्यों बढ़ रहा है किराया?

त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने से एयरलाइंस की डायनेमिक प्राइसिंग भी किराए को प्रभावित करती है। आसान भाषा में समझें तो किसी फ्लाइट में सीटों की मांग जितनी ज्यादा होती है, उपलब्ध सीटें कम होने पर टिकट की कीमत उतनी ही बढ़ सकती है। इसलिए आखिरी समय पर टिकट बुक करने वाले यात्रियों को ज्यादा पैसे देने पड़ सकते हैं।

अगर दिवाली या छठ पर फ्लाइट से घर जाने का प्लान है तो तारीखों में थोड़ा बदलाव करके किराए की तुलना करना फायदेमंद हो सकता है। अलग-अलग एयरलाइंस और रूट्स की कीमत जरूर देखें। जहां संभव हो, पहले से टिकट बुक करना भी बेहतर रहेगा। त्योहार के करीब आने पर सीटों की उपलब्धता घटने के साथ किराया और बढ़ सकता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article