Noida Police Encounter: नोएडा में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से चोरी के 15 दोपहिया वाहन और अवैध हथियार आदि भी बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खोज अभियान के दौरान दूसरा बदमाश गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राम बदन सिंह ने सोमवार को बताया कि बीती रात थाना सेक्टर 58 की पुलिस सेक्टर 62 में वाहनों की जांच कर रही थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन वे पुलिस पर गोली चलाकर भागने लगे। सिंह ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इमरान (पुत्र मोहम्मद सलीम) को पैर में गोली लग गई। उन्होंने बताया कि मेरठ निवासी इमरान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दूसरे बदमाश को पुलिस ने खोज अभियान के दौरान गिरफ्तार किया।
दो अन्य लोगों को भी किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि इमरान के पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, देसी तमंचा और कारतूस आदि बरामद किया गया है। इमरान के ऊपर चोरी के 65 मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। वहीं दूसरे बदमाश की पहचान आरिफ राणा (पुत्र फहीमुद्दीन) के रूप में हुई है। वह भी मेरठ का रहने वाला है। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) के अनुसार, पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि बदमाश पेशेवर बाइक चोर हैं और बाइक को चुराने के बाद काटकर कबाड़ी को बेचते हैं। उन्होंने बताया कि आरिफ राणा की निशानदेही पर एक स्थान से चोरी की गई 14 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। इन बाइक की निगरानी कर रहे सारिक और उस्मान को भी गिरफ्तार किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
