नोएडा

नोएडा में दिनदहाड़े हुई मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार; मकान लेने के बहाने कारोबारी को मारी थी गोली

नोएडा में शनिवार को पुलिस ने दिनदहाड़े एनकाउंटर को दो बदमाशों को पकड़ लिया। दोनों हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई संदिग्ध चीजें बरामद की हैं, इनपर पहले से कई मामलों में केस भी हैं।

Image

नोएडा में एनकाउंटर के बाद हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Noida Encounter: नोएडा के थाना सेक्टर-24 में शनिवार को दिनदहाड़े एक एनकाउंटर हुआ। नोएडा पुलिस ने एक मनी एक्सचेंज कारोबारी की हत्या के मामले में तीन दिनों से फरार चल रहे दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ दिन में ही हुई, जिसमें दोनों अपराधियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान आकाश और मुकुल के रूप में की है। अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस पर किया था फायर

पुलिस को दोनों की लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों के पैरों में लगी, जिससे दोनों वहीं गिर पड़े।

पहले से दर्ज हैं कई मामले

मौके से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नोएडा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले भी लूट, हत्या और धोखाधड़ी जैसे संगीन मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है ताकि इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में भी सुराग मिल सके।

क्या था मामला

11 जून को नोएडा के सेक्टर-12 में एक मनी एक्सचेंज करने वाले एक व्यापारी को किराए पर मकान लेने के बहाने बुलाकर दोनों बदमाशों ने गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। एक दिन पहले दोनों ने नोएडा के सेक्टर 12 में एक मकान किराए पर लिया था और बुधवार को इसकी सफाई कर रहे थे। इस दौरान दोनों ने व्यापारी को अपने घर बुलाया था। इस दौरान किसी बात को लेकर इनमें कहासुनी हो गई और उसके बाद दोनों बदमाश उसे गोली मारकर फरार हो गए थे। बदमाश मौके पर अपनी स्कूटी भी छोड़ गए थे। हत्या के इस जघन्य कांड के बाद से नोएडा पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी थीं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article