नोएडा

नौकरी के सपने दिखाकर करते थे ठगी, नोएडा में चल रहे कॉल सेंटर स्कैम का पर्दाफाश; तीन गिरफ्तार

नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर के जरिए बेरोजगार युवाओं से नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, सिम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज और फर्जी जॉइनिंग लेटर बरामद किए गए।

noida job fraud gang busted

नोएडा सेक्टर 16 में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर (सांकेतिक तस्वीर)

Noida News: नोएडा के थाना फेस-1 की पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर के जरिए बेरोजगार युवाओं से नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज, फर्जी जॉइनिंग लेटर, एटीएम और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

थाना फेस-1 पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 24 नवंबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने सेक्टर-16 से तीन आरोपी विशाल राघव, आमिर उस्मानी और वरुण कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 6 स्मार्ट मोबाइल फोन, 1 कीपैड मोबाइल फोन, 4 डेबिट कार्ड, 3 सिम कार्ड, 2 खाली सिम लिफाफे, 1 पासबुक, 1 फिनो कॉम्बो बैंक किट, 1 चेक बुक, 4 कंपनी के फर्जी जॉइनिंग लेटर और 3 स्टांप मोहर बरामद की गईं।

कैसे देते थे झांसा

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मुख्य आरोपी विशाल राघव अपने साथी आमिर उस्मानी और वरुण कुमार के साथ मिलकर बैंक खाते, डेबिट कार्ड, चेक बुक और प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड खरीदता था। विशाल इन बैंक खातों और सिम की जानकारी फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले अनुज कुमार और रोमेश को उपलब्ध कराता था। दोनों बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर पंजीकरण और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर धन उगाही करते थे। प्राप्त रकम इन फर्जी बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए घुमाई जाती थी। नकद निकासी के बाद विशाल कमीशन काटकर बाकी राशि अनुज और रोमेश तक पहुंचाता था। पुलिस के अनुसार वरुण कुमार एक स्वतंत्र कॉल सेंटर भी चलाता था, जिसमें वह नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से मोटी रकम वसूलता था।

थाना फेस-1 में दर्ज हुआ है मामला

गिरोह के सरगना अनुज और रोमेश पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-1 नोएडा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क, धन के प्रवाह और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी एकत्र कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बेरोजगार युवाओं को जॉब ऑफर के नाम पर ठगी करने वाले ऐसे साइबर नेटवर्क के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और अपराध में शामिल हर व्यक्ति को जल्द गिरफ्तारी के दायरे में लाया जाएगा।

इनपुट-आईएएनएस

लेटेस्ट न्यूज

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari Author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article