नोएडा

Noida: व्रत तोड़ने के लिए ऑर्डर किया खाना तो मिल गई चिकन बिरयानी, खाने के बाद खुला मामला

नोएडा में एक युवक ने सावन के पहले सोमवार को व्रत खोलने के लिए ऑनलाइन वेज बिरयानी मंगाई, पर उसमें चिकन निकल आया। पुलिस और फूड विभाग की जांच के बाद रेस्टोरेंट ने गलती स्वीकार की और माफी मांगी। मामला आपसी समझौते से सुलझ गया।

Image

पुलिस को शिकायत सुनाता पीड़ित

Photo : Times Now Digital

Noida News: सावन के पहले सोमवार को व्रत खोलने के लिए ऑनलाइन मंगाई गई वेज बिरयानी नोएडा के शख्स को भारी पड़ गई। मामला नोएडा के सेक्टर 144 की है, जहां एक युवक ने मशरूम पनीर वेज बिरयानी का ऑर्डर एक फेमस फूड डिलीवरी ऐप के जरिए किया था। व्रत खोलते समय जैसे ही उसने खाना शुरू किया, उसमें से चिकन के टुकड़े निकल आए।

पुलिस से की शिकायत

व्रत के दिन इस तरह की लापरवाही से आहत युवक ने तुरंत फूड सेफ्टी विभाग और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। युवक ने बताया कि उसने ऐप के जरिए खास तौर पर वेजिटेरियन बिरयानी ऑर्डर की थी, लेकिन खाने में चिकन मिलने से उसकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

रेस्टोरेंट ने मांगी माफी

बवाल बढ़ने के बाद संबंधित रेस्टोरेंट के मालिक ने अपनी गलती स्वीकारते हुए पीड़ित से माफी मांगी। रेस्टोरेंट प्रबंधन ने बताया कि ऑर्डर तैयार करने के दौरान गलती से किसी अन्य ग्राहक के नॉनवेज ऑर्डर से यह ऑर्डर रिप्लेस हो गया, जिसकी वजह से यह गड़बड़ी हुई।

पुलिस और फूड विभाग की उपस्थिति में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद मामला आपसी समझौते से सुलझा लिया गया। पीड़ित ने रेस्टोरेंट द्वारा माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती न होने के आश्वासन के बाद मामले को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article