Noida International Airport: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। उन्होंने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। जिसमें उन्होंने जरूरी दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए।
चार चरणों में नोएडा एयरपोर्ट का निर्माण
जेवर स्थित नोएडा एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है। इस परियोजना के पूरा होने पर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई मिलेगी। इस एयरपोर्ट का निर्माण चार फेज में हो रहा है। पहले फेज के तहत एक रनवे और यात्री टर्मिनल का काम पूरा हो चुका है। वर्तमान में एयरपोर्ट पर टेक्निकल इंस्टॉलेशन, फिनिशिंग च और डीप क्लिनिंग जैसे प्रमुख कार्य चल रहे हैं।
जल्द मिल सकता है एयरो ड्रोम लाइसेंस
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 1334 हेक्टेयर में बने एक रनवे के साथ विमान सेवा शुरू होगी। यहां से सबसे पहले कार्गो और देश के प्रमुख शहरों के लिए उड़ान सेवा की शुरुआत होगी। बाद में इंटरनेशनल विमान सेवा भी यहां से शुरू की जाएगी। दो दिन पहले ही एयरपोर्ट पर यात्रियों के आगमन और उड़ानसेवा शुरू करने का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया था। महानिदेशालय नागर विमानन से विमान सेवा की शुरुआत के लिए जल्द ही एयरो ड्रोम लाइसेंस मिलने की संभावना जताई जा रही है।
