Noida News: नोएडा के सेक्टर-39 में स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मॉल के बाहर दो पक्षों में मामूली सी बात को लेकर झड़प हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि उनके बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद डांस करने को लेकर शुरू हुआ था, जो हाथापाई और हिंसक झड़प में बदल गया। जिसमें पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया है, मामले में आगे की जांच जारी है।
मारपीट का वीडियो हुआ वायरल
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते हुए नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।
दोनों पक्षों के 7 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के 7 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी तथ्यों की जांच कर रही है।
नए साल पर नशे की हालत में लोगों ने किया था हुड़दंग
गौरतलब है कि 1 जनवरी 2026 को नए साल पर भी गार्डन गैलेरिया मॉल चर्चा में आया था। जहां नए साल के जश्न के मौके पर शराब के नशे में धुत्त लोगों ने हुड़दंग करने की कोशिश की थी। इस दौरान मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं थी। कई लोग नशे की हालत में पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी पहुंचे थे। जिनमें से कुछ लोग व्हील चेयर पर भी नजर आए थे। इस मामले में भी पुलिस ने करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
