शहर

नोएडा में गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़; 5 गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 9 किलो 900 ग्राम गांजा और 2 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए। जांच में पता चला कि वे पिछले छह वर्षों से गुलिस्तानपुर क्षेत्र में गांजा की बिक्री कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

noida crime news

करीब दस किलो नशीला पदार्थ बरामद (सांकेतिक तस्वीर)

Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी और बिक्री में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 9 किलो 900 ग्राम गांजा और गांजा बिक्री से प्राप्त 2 लाख 90 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए हैं। थाना इकोटेक-3 पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ कैंप यू-टर्न के पास कुछ लोग गांजा की तस्करी और बिक्री का कारोबार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

करीब 10 किलो गांजा बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्य शरण, सुमित, अभिषेक, लाली और कश्मीरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त सत्य शरण के कब्जे से 2 किलो 700 ग्राम गांजा, 1 लाख 400 रुपये नकद, एक कैंची, एक स्टेप्लर, तीन पिन की डिब्बियां और छह पारदर्शी पॉलीथीन के छोटे पैकेट बरामद किए गए। वहीं, अभियुक्त सुमित के पास से 2 किलो 100 ग्राम गांजा और 1 लाख 9 हजार 700 रुपये नकद मिले। अभियुक्त अभिषेक के कब्जे से 2 किलो 300 ग्राम गांजा और 80 हजार 300 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा अभियुक्ता लाली के पास से 700 ग्राम गांजा और अभियुक्ता कश्मीरा के कब्जे से 2 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

6 सालों से बेच रहे थे गांजा

पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पिछले करीब छह वर्षों से गुलिस्तानपुर क्षेत्र में रह रहे थे और वहीं से गांजा की बिक्री कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों की पढ़ाई-लिखाई कुछ खास नहीं हुई थी। आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक सत्य शरण ने केवल पांचवीं कक्षा तक, सुमित ने आठवीं और अभिषेक ने दसवीं तक शिक्षा ग्रहण की है, जबकि लाली और कश्मीरा दोनों ही अशिक्षित बताई गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना इकोटेक-3 में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि गांजा की सप्लाई कहां से लाई जाती थी और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द की जा सकती है।

फर्जी फाइनेंस गिरोह का भी भंडाफोड़

इसके अलावा नोएडा थाना फेस-2 पुलिस और सीआरटी स्वाट-2 टीम ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए गाड़ियां फाइनेंस कर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से थार, ग्रैंड विटारा, किया सेल्टॉस, स्कॉर्पियो-एन और अर्बन क्रूजर टेजर समेत पांच लग्जरी वाहन तथा आधार, पैन, वोटर आईडी और आरसी सहित 28 दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपी फर्जी पहचान बनाकर बैंकों से लोन लेकर गाड़ियां खरीदते और किश्तें जमा किए बिना उन्हें विभिन्न राज्यों में बेच देते थे। पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और आगे और खुलासे की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article