Noida Building Collapse: नोएडा में लगातार जारी बारिश के बीच सेक्टर-62 में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहां कमर्शियल बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबा नीचे खड़ी गाड़ियों पर आ गिरा, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत की बात है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, टाइम्स नाउ नवभारत इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
यह घटना बुधवार को थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण बिल्डिंग का छत का हिस्सा कमजोर होकर गिर गया। हादसे के बाद आसपास के अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात ये है कि घटना के समय बिल्डिंग के नीचे कोई शख्स खड़ा नहीं था, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
नोएडा में बारिश के कारण कई जगह जलभराव
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार तड़के से ही लगातार बारिश हो रही है, जिसने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बारिश के कारण नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। जिसके कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी भरने के कारण गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं। जिसके कारण सुबह के समय ट्रैफिक भी धीमा हो गया। जिससे खासतौर से ऑफिस जाने वालों को काफी समस्या हुई।
सेक्टर-115 में घुटनों तक भरा पानी
बारिश से उमस से राहत जरूर मिली है, लेकिन कई सड़कें पानी में डूब गईं। नोएडा के सेक्टर-115 में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को पानी के बीच होकर गुजरना पड़ा। वहीं, गाजियाबाद के शास्त्रीनगर इलाके में भी सड़कों पर जलभराव के कारण लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ा।
