शहर

Bakhtiyarpur बने 'Nitishpur', चिराग पासवान ने भी किया नाम बदलने की मांग का समर्थन

Bihar News: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने बख्तियारपुर का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को याद रखेंगी।

Image

बख्तियारपुर का नाम बदलने की समर्थन में उतरे चिराग

Bihar News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता नीतीश कुमार के जन्मस्थान बख्तियारपुर (Bakhtiyarpur) का नाम बदलकर उनके नाम पर रखने की मांग पर समर्थन बढ़ते दिख रहा है। अब एनडीए के एक और सहयोगी का समर्थन इस मांग के पक्ष में आया है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने इसे अच्छा सुझाव बताया है। इससे पहले हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने पटना के पास स्थित बख्तियारपुर का नाम बदलकर 'नीतीशपुर' रखने का सुझाव दिया था।

चिराग पासवान ने कल यानी गुरुवार 10 सितंबर को कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार के विकास में अहम योगदान दिया है। उनके नाम पर किसी स्थान का नाम रखने से आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को याद रखेंगी। चिराग ने कहा कि इस तरह का नामकरण या महापुरुषों की प्रतिमा लगाने में कुछ गलत नहीं है।

राम विलास पासवान की प्रतिमा की भी मांग

चिराग पासवान ने इसी दौरान अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान की भी पटना में आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर यह मांग रखी है।

चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार, राम विलास पासवान और लालू प्रसाद यादव जैसे नेताओं के नाम आने वाली पीढ़ियों तक याद किए जाएंगे। उनके मुताबिक, ऐसे नेताओं के नाम पर स्थानों का नामकरण करने या प्रतिमाएं स्थापित करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

जेडीयू ने प्रस्ताव पर क्या कहा?

बख्तियारपुर का नाम बदलने के प्रस्ताव पर जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने सीधे तौर पर समर्थन या विरोध नहीं किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार स्थानों के नाम बदलने में विश्वास नहीं रखते। यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब एनडीए के सहयोगी दलों के बीच बख्तियारपुर का नाम नीतीशपुर करने के प्रस्ताव को लेकर चर्चा शुरू हुई है।

शराबबंदी और बिहार की कमाई पर चिराग के बोल

बिहार में शराबबंदी से राजस्व को हुए कथित नुकसान पर चिराग पासवान ने कहा कि इससे राजस्व में कमी आई है, लेकिन यह मामला जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है। बिहार में 2016 से शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सेवन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लागू है।

उन्होंने कहा कि राज्य को शराब की बिक्री पर निर्भर रहने के बजाय राजस्व के दूसरे स्रोत विकसित करने चाहिए। चिराग ने यह भी भरोसा जताया कि एनडीए सरकार आने वाले वर्षों में बिहार का बजट बढ़ाने में सक्षम होगी।

बाढ़ और गंगा जल समझौते क्या बोले चिराग पासवान

बिहार में जारी बाढ़ की स्थिति पर चिराग पासवान ने कहा कि प्रभावित लोगों तक बेहतर राहत पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनका लोकसभा क्षेत्र हाजीपुर भी बाढ़ से प्रभावित है और वह लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हैं।

बांग्लादेश के साथ गंगा जल बंटवारे के समझौते को लेकर जेडीयू की मांग पर भी चिराग ने एनडीए के भीतर बातचीत से समाधान निकालने की बात कही। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने केंद्र से दिसंबर में समझौते की अवधि समाप्त होने के बाद उसे आगे नहीं बढ़ाने की मांग की है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article