शहर

Sonipat Encounter: 2 करोड़ की फिरौती मांगने वाले 'नंदू गैंग' के दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली

Sonipat Encounter Haryana News: सोनीपत में 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले दो बदमाशों की देर रात पुलिस से मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके पास से हथियार और बाइक बरामद की है।

Image

सोनीपत में 'नंदू गैंग' के दो बदमाशों का पुलिस एनकाउंटर, दोनों घायल

Sonipat Encounter Haryana News: हरियाणा के सोनीपत में 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ की खबर है। नेशनल हाईवे-334बी पर गांव हरसाना के पास स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट और बदमाश आमने-सामने आ गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को काबू करने के बाद खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, घायल बदमाशों की पहचान भटाना निवासी अंकित और लहराड़ा निवासी हर्ष के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से तीन देशी पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि बाइक पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं है।

नंदू गैंग के नाम पर मांगी 2 करोड़ की फिरौती

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात बदमाशों ने खरखौदा निवासी दीपक को फोन कर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने नंदू गैंग के नाम पर यह फिरौती मांगी थी।

धमकी देने के लगभग आधे घंटे बाद ही दो बदमाश बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर खांडा रोड स्थित दीपक के दफ्तर पहुंच गए। यहां दोनों ने दफ्तर पर गोलियां बरसाईं और मौके से फरार हो गए।

फायरिंग के बाद पुलिस ने शुरू किया पीछा

कार्यालय पर फायरिंग की सूचना मिलते ही स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट एक्टिव हो गई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए दोनों बदमाशों की घेराबंदी की।

पुलिस के मुताबिक, घिरने के बाद बदमाशों ने स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट की टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों को गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अब पुलिस इस पूरे मामले में बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके किसी गैंग से जुड़े होने की जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि 2 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग और दफ्तर पर फायरिंग के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article