शहर

SBI Loot Video: मिर्च झोंकी, 4 लाख समेटे और भाग निकला… मगर नागपुर पुलिस ने 30 मिनट में हिसाब कर दिया

SBI Loot Video: नागपुर में एक बेरोजगार शख्स फिल्मी स्टाइल में बैंक में डाका डालने पहुंच गया। बैंककर्मियों की आंखों पर मिर्च पाउडर झोका और पैसे लेकर फरार हो गया।

SBI Loot Video: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में दिनदहाड़े बैंक डकैती की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सक्करदरा इलाके में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में एक आरोपी ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए बैंक कर्मचारी की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर झोंका और करीब 4 लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 30 मिनट के भीतर आरोपी को धर दबोचा।

फिल्मी स्टाइल में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बैंक में रोजाना की तरह सामान्य कामकाज चल रहा था। इसी दौरान आरोपी एक आम ग्राहक की तरह बैंक परिसर में दाखिल हुआ और सीधे कैश काउंटर के पास पहुंच गया। मौका मिलते ही आरोपी ने अचानक अपनी जेब से लाल मिर्च पाउडर निकाला और काउंटर पर मौजूद बैंक कर्मचारी की आंखों में झोंक दिया।

मिर्च पाउडर गिरते ही कर्मचारी दर्द से चिल्लाने लगा और बैंक में हड़कंप मच गया। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी ने काउंटर पर रखे लगभग 4 लाख रुपये समेटे और तेजी से बैंक से बाहर निकलकर रफूचक्कर हो गया।

CCTV फुटेज और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बैंक में हुई यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही सक्करदरा पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और इलाके में नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी गई।

पुलिस की मुस्तैदी के चलते वारदात के महज आधा घंटा (30 मिनट) बीतने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटी गई पूरी की पूरी रकम (4 लाख रुपये) बरामद कर ली गई है।

आरोपी बीएससी पास और बेरोजगार

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान सूरज भोजराज बोरकर (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी नागपुर के ग्रामीण इलाके का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि आरोपी बीएससी (B.Sc) ग्रेजुएट है, लेकिन लंबे समय से बेरोजगार चल रहा था।

फिलहाल सक्करदरा पुलिस आरोपी सूरज से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने बेरोजगारी या कर्ज के तनाव में आकर इस कदम को उठाया या फिर इस साजिश में उसके साथ कोई और भी शामिल था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article