शहर

Nagpur: कार के लालच में इंजीनियरिंग छात्रों ने की हत्या, पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया व्यापारी का मर्डर केस

Nagpur Murder Case: नागपुर में इंजीनियरिंग के तीन छात्रों ने कार और मोबाइल के लालच में एक 44 वर्षीय कारोबारी की हत्या कर दी। आरोपियों ने नशे की हालत में व्यापारी को सुनसान जगह ले जाकर पत्थर से मार डाला। पुलिस ने सिर्फ 12 घंटे में मामला सुलझाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Image

नागपुर में व्यापारी की बेरहमी से हत्या (सांकेतिक फोटो)

Nagpur Murder News: नागपुर से एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है, जहां इंजीनियरिंग के तीन छात्रों ने कार और मोबाइल फोन की लालच में एक व्यापारी की हत्या कर दी। आरोपियों ने उसे पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया और शव झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने महज 12 घंटों में ही इस पूरे केस को सुलझाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मदद का बहाने हत्या का प्लान

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुचित भोजापुरकर के रूप में हुई है। वह स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करता था। तीनों आरोपी इंजीनियरिंग के छात्र है और फिलहाल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब तीनों छात्र अपनी परीक्षाएं खत्म होने के बाद घूम रहे थे। तभी वर्धमान नगर पुल के पास उन्हें एक व्यापारी नशे में धुत मिला। आरोपी उसकी मदद करने के बहाने कार में बैठ गए। आरोपी पहले उसे लेकर भिवापुर की तरफ गए और फिर वापस वाडी इलाके में लौट आए।

सुनसान जगह पर ले जाकर हत्या

आरोपियों ने इस दौरान व्यापारी की पत्नी से संपर्क किया और उसे घर पहुंचाने का भरोसा दिया। लेकिन बाद में उन्होंने कॉल काट दी और अपनी योजना बदल दी। आरोपियों ने कार और मोबाइल फोन हथियाने के इरादे से व्यापारी की हत्या की साजिश रची। वे सुचित को खड़गांव रोड पर श्मशान घाट के पास सुनसान इलाके में ले गए। जहां पत्थर से उसके सिर पर सात बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए मृतक के कपड़े उतार दिए और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद वे कार और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।

अगले दिन एक राहगीर को झाड़ियों में शव दिखाई दिया, जिसने तुरंत वाडी पुलिस को इसकी सूचना दी। मृतक की पत्नी ने शव की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और तीनों आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी पार्ट-टाइम डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था और अकेले रहता था। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!