शहर

Muzaffarpur Crime News: एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम, प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर सनकी आशिक ने युवती के सिर में घोंपा चाकू

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर में एक सनकी आशिक ने 22 वर्षीय युवती पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है युवती द्वारा आरोपी का प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उसने पीड़िता पर जानलेवा हमला किया।

Image

मुजफ्फरपुर में युवती पर चाकू से हमला

Photo : Times Now Digital

Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दहला देने वाली घटना सामने आई है। एकतरफा प्यार में पागल एक सिरफिरे आशिक ने प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद 22 वर्षीय युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि गांव के ही रहने वाले रवि कुमार ने युवती को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। जिसके बाद आरोपी ने युवती के घर में घुसकर उसके सिर में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

रास्ते में रोककर मारपीट का आरोप

यह खौफनाक वारदात मोतीपुर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर कोदरकट्टा गांव की है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज सुबह दौड़ लगाने का अभ्यास करती थी। आरोप है कि इसी दौरान रवि कुमार नाम का युवक उसे अक्सर रास्ते में परेशान करता था और उस पर बात करने का दबाव बनाता था। मंगलवार को जब युवती दौड़ लगाकर अपने घर लौट रही थी, तब आरोपी ने उसे रास्ते में जबरन रोक लिया और उस पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। जब युवती ने उसके प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो आरोपी ने उसके साथ रास्ते में मारपीट और गाली-गलौज की।

घर में घुसकर सिर में मारा चाकू

रास्ते में हुई बदसलूकी के बाद युवती बेहद डर गई और किसी तरह अपने घर पहुंची। लेकिन सनकी आरोपी रवि अपनी जिद पर अड़ा रहा, वह उसका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया। घर के बाहर पहुंचकर उसने फिर से हंगामा और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद अचानक उसने अपने पास रखा चाकू निकाला और युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने सीधे उसके सिर पर चाकू घोंप दिया, जिससे युवती खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।

भीड़ को देखकर फरार हुआ आरोपी

युवती के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। भीड़ को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोतीपुर में भर्ती कराया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज किया गया।

घटना के संबंध में डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि पीड़िता के बयान और लिखित शिकायत के आधार पर मोतीपुर थाने में आरोपी रवि कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article