Mumbai Rain Update: मुंबई में पिछले कुछ दिनों से जारी आफत की बारिश से जूझ रहे लोगों के लिए आज सुबह राहत की खबर आई है। मुंबई में पिछले 3-4 घंटों से बारिश थमी हुई है, हालांकि आसमान में अब भी काले बादल छाए हुए हैं। इस बीच प्रशासन और रेलवे ने बारिश और लैंडस्लाइड से प्रभावित हुए बुनियादी ढांचे को तेजी से सुधारा है, जिससे ठप पड़ी जिंदगी एक बार फिर पटरी पर लौटने लगी है।
मुंबई में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने मुंबई के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसके अनुसार शहर में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चले की भी संभावना है।
मुंबई-पुणे कनेक्टिंग लिंक पर यातायात शुरू
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण बंद हुए मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के कनेक्टिंग लिंक से मलबा हटा दिया गया है। इसे यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया है। वहीं जलभराव के कारण वसई रोड और विरार के बीच बाधित हुई मुंबई लोकल ट्रेन सेवाओं को भी दोबारा बहाल कर दिया गया है।
जलभराव के कारण आज ये 8 ट्रेनें रहेंगी रद्द
मुंबई में अभी भी कुछ ट्रैक पर पानी भरा हुआ है। जिसके कारण पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने मंगलवार के लिए पैसेंजर एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुछ लोकल ट्रेन सेवाएं रद्द रखने का फैसला किया है। इनमें प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं:
- दहानू रोड – पनवेल (ट्रेन संख्या: 69164 और 69161)
- पनवेल – वसई रोड (ट्रेन संख्या: 69165 और 69167)
- वसई रोड – पनवेल (ट्रेन संख्या: 69168 और 69166)
- दहानू रोड – बोरीवली (ट्रेन संख्या: 69174)
- बोरीवली – वलसाड (ट्रेन संख्या: 69139)
सेंट्रल रेलवे पर सफर सामान्य
दूसरी ओर, सेंट्रल रेलवे (Central Railway) के यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि सभी रेल रूटों पर लोकल ट्रेन सेवाएं पूरी तरह सामान्य हैं। रेलवे कंट्रोल रूम के अनसार, रात 1 बजे के बाद से उपनगरीय लोकल सेवाओं में कोई रुकावट नहीं आई है:
- मेन लाइन: सीएसएमटी (CSMT) से कसारा और खोपोली के बीच ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं।
- ट्रांस-हार्बर लाइन: सीएसएमटी से गोरेगांव/पनवेल और ठाणे से वाशी/पनवेल के बीच यातायात सुचारू है।
- पोर्ट लाइन: बेलापुर और नेरुल से उरण के बीच भी लोकल सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।
भले ही अभी बारिश रुकी हुई है, लेकिन मौसम अभी भी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और प्रशासन मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले मौसम और ट्रैफिक से जुड़ी ताजा जानकारी देख लें।
