Vande Bharat Express: देश में बड़ी संख्या में हाई स्पीड ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में साल 2024 में 70 नई वंदे भारत एक्सप्रेस देश को मिलने वाली हैं। ये ट्रेनें किस महीने में देश को समर्पित होंगी, अभी इसकी कोई निश्चित तारीख तय नहीं है। हालांकि, कई मीडिया खबरों और सोशल मीडिया पर 18 फरवरी को कुछ नई वंदे भारत ट्रेनों की श्रृंखला के उद्घाटन किए जाने की बात सामने आई थी। सोशल मीडिया पोस्ट में यह जिक्र है कि आखिर ये ट्रेन किस मांग पर संचालित होंगी। इससे जुड़ी एक लिस्ट भी कई जगहों पर देखने को मिल रही है। आइये जानते हैं, उस वायरल पोस्ट की क्या सच्चाई है।
यहां से ट्रेनें संचालित करने का हुआ था दावा
वायरल पोस्ट में कोल्हापुर-मुंबई, पटना-लखनऊ वाया वाराणसी, देहरादून-लखनऊ, हावड़ा-वाराणसी, इंदौर-जयपुर और पुणे-सिकंदराबाद के रास्तों पर वंदे भारत ट्रेनों के परिचालन के दावे किये जा रहे हैं। वहीं, हावड़ा और वाराणसी के बीच एक विस्तृत रूट चार्ट की जो तस्वीर वायरल हो रही है वो सही है या नहीं, इसको लेकर रेलवे की तरफ से बयान सामने आया है।
रेलवे ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लिस्ट शेयर की है, जिसमें FAKE NEWS लिखा हुआ है। उस खबर का पूरी तरह से खंडन किया गया है। रेलवे ने साफ तौर पर कहा है कि 18 फरवरी को किसी भी ट्रेन का उद्घाटन नहीं होना है। पूर्वी रेलवे के एक्स पर मौजूद 9 फरवरी की पोस्ट में कथित हावड़ा-वाराणसी वंदे भारत के चार्ट को फर्जी बताया गया है। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल से फिलहाल, कुल चार वंदे भारत ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
पटना से लखनऊ चलेगी वंदे भारत
प्रभात खबर में छपे लेख के मुताबिक, कोल्हापुर से मुंबई तक वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा जल्द शुरू होगी, लेकिन अभी उसकी तारीख निश्चित नहीं है। इसके अलावा पटना से लखनऊ के मध्य भी जल्द वंदे भारत शुरू करने का प्रस्ताव है, लेकिन इसे भी अभी अंतिम टच देना बाकी है। लिहाजा, जो पोस्ट वायरल हो रहे हैं वो पूरी तरह से भ्रामक हैं, ऐसी खबरों का कोई आधार नहीं है।
