Saif Ali Attacked Case Update: सैफ अली खान के घर में काम करने वाली केयरटेकर का कहना है कि हमलावर ने सैफ के उपर हमला करने से पहले एक करोड़ रूपये मांगे थे, वहीं केयरटेकर के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब सैफ अपने वहां पहुंचे तो आरोपी ने उनपर चाकू से वार कर दिया।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक केयर टेकर ने बताया कि 'वो चार साल से नर्स के तौर पर बच्चों की देख रेख कर रही हैं और 15 जनवरी को वो रात 11 बजे सो गईं, तकरीबन 2 बजे उनकी नींद टूटी क्योंकि उन्हें कोई आवाज आई, उन्होंने देखा कि दरवाजे के पास बाथरूम की लाइट जल रही थी उन्हें लगा करीना मैडम होगी इसलिए वो सो गई।'
केयर टेकर ने आगे कहा कि 'कुछ देर में उन्हें दोबारा ऐसा लगा कि बाथरूम के पास कोई है उन्होंने एक कैप पहने शख्स को देखा और वो डर गईं वो शख्स जय बाबा के कमरे में घुसा और उसके हाथ में हेक्सा ब्लेड था, मैने उससे पूछा कि तुम्हे क्या चाहिए तब उसने कहा मुझे पैसे चाहिए तब तक काफी शोर हो चुका था। दूसरी नर्स भी जाग चुकी थी। पहली नर्स ने पूछा कितने रुपए चाहिए तब उसने अंग्रेजी में जवाब दिया 1 करोड़, मैने पहले एक लकड़ी से उसका सामना किया उसने मुझपर हमला किया, तीसरी नर्स गीता की भी उससे झड़प हुई तब वो हम पर हमला करने आ रहा था तभी सैफ सर की उससे झड़प हुई और उसने सैफ सर पर हमला किया।'
हमला करने वाले आरोपी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया
गौर हो कि अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी का सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। मुंबई पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। फिलहाल, लीलावती अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि आपातकालीन सर्जरी के बाद सैफ अली खान की सेहत में सुधार आ रहा है। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर बुधवार-गुरुवार की रात उनके घर पर अज्ञात शख्स ने चाकू से कई हमले किये थे। खान के घर में एक घुसपैठिये ने उन पर कई बार चाकू से वार किया था, जिसके बाद वे काफी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि, मुंबई के एक अस्पताल में उनकी सर्जरी की गई, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी से चाकू निकाला गया और अब वह ‘खतरे से बाहर’ हैं। इसी बीच उनके घर पर लगे सीसीटीवी से हमलावर की तस्वीर सामने आई है, जिस पर उसकी पिक्चर साफ दिखाई दे रही है। वह सीढ़ियों से उतरता हुआ नजर आ रहा है।
'सैफ अली खान की सेहत में सुधार आ रहा है'
लीलावती अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि आपातकालीन सर्जरी के बाद सैफ अली खान की सेहत में सुधार आ रहा है। यह घटना बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात करीब 2.30 बजे 'सतगुरु शरण' बिल्डिंग स्थित उनके घर में हुई। लीलावती अस्पताल के मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. नीरज उत्तमाणी ने बताया कि हमने रीढ़ की हड्डी से चाकू का 2.5 इंच का टुकड़ा निकाला है।' अभिनेता के जख्मों के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें दो गंभीर, दो मध्यम चोट तथा दो खरोंच आई हैं।
'शायद एक या दो दिन में छुट्टी देने की योजना बना सकते हैं'
डॉक्टर ने बताया कि रीढ़ की हड्डी में चाकू घुस जाने के कारण उनकी वक्षीय रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है। चाकू निकालने और रीढ़ से तरल पदार्थ का रिसाव रोकने के लिए सर्जरी की गई। उनके बाएं हाथ और गर्दन के दाहिने हिस्से पर दो अन्य गहरे घाव थे, जिन्हें प्लास्टिक सर्जरी टीम ने ठीक कर दिया। खान की हालत स्थिर हैं। उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और वह पूरी तरह से खतरे से बाहर हैं। हम उन्हें कल सुबह आईसीयू से बाहर लाएंगे और शायद एक या दो दिन में छुट्टी देने की योजना बना सकते हैं।
