मुंबई

अहिल्यानगर में विवाद : पैगंबर मोहम्मद का नाम जमीन पर लिखे जाने से भड़के लोग, एक आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में मालीवाड़ा क्षेत्र में जमीन पर 'मोहम्मद' नाम लिखे जाने से वहां तनाव फैल गया। स्थानीय मुस्लिम समुदाय ने इसका विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

अहिल्यानगर में जमीन पर मोहम्मद लिखने पर भड़के लोग

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में शहर के मालीवाड़ा क्षेत्र में पैगंबर मोहम्मद का नाम जमीन पर लिखे जाने की घटना से पूरे शहर में तनाव फैल गया। जानकारी के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने जमीन पर रंगोली के जरिए 'मोहम्मद' नाम लिखा। इसे देखकर स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों की भावनाएं आहत हुईं और देखते ही देखते सैकड़ों लोग कोतवाली पुलिस स्टेशन के सामने जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। कोतवाली पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। इंस्पेक्टर संभाजी गायकवाड़ ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और शांति बनाए रखें।

प्रदर्शनकारियों की भीड़ बढ़ती देख इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। प्रशासन ने साफ किया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से हालात काबू में बताए जा रहे हैं।

इस बीच, मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा - 'अहिल्यानगर की घटना बेहद गंभीर है। हमें देखना होगा कि कहीं कोई जानबूझकर समाज में तनाव और ध्रुवीकरण की कोशिश तो नहीं कर रहा। लोकसभा चुनाव के दौरान भी ऐसे प्रयास हुए थे। यदि कोई इस बार भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है, तो यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'

फिलहाल, पुलिस ने पूरे शहर में निगरानी तेज कर दी है और सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कानून के हवाले किया जाएगा।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें