मुंबई

मतदाता असली हैं या नकली? राज ठाकरे ने BMC चुनाव में उछाला मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा; मराठी मानुष को चेताया

मुंबई में आयोजित कोंकण महोत्सव के दौरान मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने आगामी BMC चुनाव को लेकर चिंता जताई और चुनाव आयोग व राज्य सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने मराठी मतदाताओं से सतर्क रहने और मतदाता सूची में हो रही कथित धांधली पर नजर रखने की अपील की।

Image

युवा और महिलाओं से मतदाता सूची पर नजर रखने की अपील की (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

BMC Election News: BMC चुनाव में भी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का मुद्दा आ गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने रविवार को मुंबई में आयोजित कोंकण महोत्सव के दौरान आगामी ब्रिहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने चुनाव आयोग और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मराठी मतदाताओं से सतर्क रहने और मतदाता सूची में हो रही कथित धांधली पर कड़ी नजर रखने की अपील की।

मतदाता सूची पर नजर रखने की अपील

राज ठाकरे ने अपने भाषण में कहा, "बेपरवाह मत होइए। अपने आस-पास नजर रखिए। जिस तरह की राजनीति आज चल रही है, उसमें मतदाता सूची में क्या-क्या हो रहा है, इस पर पूरा ध्यान दीजिए। क्या मतदाता असली हैं या नकली? यह बहुत बड़ा सवाल है। मराठी मानुष के लिए यह आने वाला BMC चुनाव आखिरी चुनाव साबित होगा। अगर हम लापरवाह रहे, तो मुंबई महानगरपालिका हमारे हाथ से हमेशा के लिए निकल जाएगी।"

गैर-मराठी समूहों पर साधा निशाना

मनसे प्रमुख ने गैर-मराठी समूहों की ओर इशारा करते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा, "सजग रहिए, जागृत रहिए। अगर मुंबई हमारे हाथ से चली गई, तो ये लोग पूरे शहर में हंगामा मचाएंगे। मुंबई हमारी है, इसे हम किसी भी कीमत पर खोने नहीं देंगे।" राज ठाकरे ने मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जी नाम जोड़े जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल जानबूझकर मुंबई की जनसांख्यिकी बदलने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लाखों संदिग्ध नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं, जिसका मकसद मराठी वोटों को कमजोर करना है।

युवाओं-महिलाओं से की अपील

उन्होंने युवाओं और मराठी महिलाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर जाकर सूची की जांच करें और किसी भी तरह की गड़बड़ी की शिकायत तुरंत करें। उन्होंने कहा, "ये सिर्फ एक चुनाव नहीं, मुंबई की अस्मिता और मराठी मानुष के अस्तित्व का सवाल है।" बता दें कि BMC चुनाव को लेकर राजनीति तेज है। मनसे ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह इस चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरेगी और अकेले चुनाव लड़ेगी।

(इनपुट-आईएएनएस)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article