मुंबई

मुंब्रा हादसे के बाद भड़का आंदोलन; रेलवे कर्मचारियों के विरोध से थमी लोकल ट्रेनें, यात्री हुए बेहाल

मुंब्रा हादसे के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने अचानक आंदोलन शुरू कर दिया, जिससे लोकल ट्रेन सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। हजारों यात्री स्टेशन पर फंसे हुए हैं और मध्य व हार्बर मार्ग की कई ट्रेनें सीएसएमटी पर खड़ी हैं। यूनियन और रेलवे प्रशासन के बीच बातचीत जारी है, लेकिन फिलहाल यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।

Mumbai News: मुंब्रा हादसे के विरोध में रेलवे कर्मचारियों का आंदोलन शुरू हो गया है, जिसके चलते लोकल ट्रेन सेवाएं ठप हो गई हैं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, मुंब्रा में हुए हादसे के बाद लोहमार्ग पुलिस ने दो रेलवे अभियंताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी कार्रवाई के विरोध में नेशनल रेलवे यूनियन ऑफ मेकॅनिक्स (NRUM) ने आज शाम विरोध मार्च निकाला। विरोध के दौरान कर्मचारियों ने लोकल ट्रेनें रोक दीं और आंदोलन में मोटरमैन भी शामिल हो गए।

इस अचानक शुरू हुए आंदोलन की वजह से मध्य और हार्बर मार्ग की कई लोकल ट्रेनें सीएसएमटी स्टेशन पर खड़ी हैं, जिससे दैनिक यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच बातचीत जारी है ताकि जल्द से जल्द सेवाएं फिर से शुरू की जा सकें। यात्रियों का कहना है कि जब भी रेलवे कर्मचारियों पर कार्रवाई होती है, यूनियन विरोध प्रदर्शन कर आम जनता को असुविधा में डाल देती है। इस बार भी दो अभियंताओं के खिलाफ केस दर्ज होने पर कर्मचारियों ने अचानक लोकल बंद कर दी, जिससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। वहीं यूनियन का तर्क है कि रेलवे कर्मचारियों पर किसी भी तरह के आपराधिक मामले दर्ज नहीं किए जाने चाहिए।

पांच यात्रियों की हुई थी मौत

बता दें कि, यह दुर्घटना दिवा और मुंब्रा रेलवे स्टेशनों के बीच उस समय हुई जब कसारा और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली दो ट्रेनें एक तीव्र मोड़ पर आमने-सामने से गुजर रही थीं। उसी दौरान, ट्रेन के पायदान पर खड़े कुछ यात्रियों के बाहर निकले बैग दूसरी ट्रेन में सवार यात्रियों या उनके सामान से टकरा गए, जिसके कारण कुछ लोग संतुलन खोकर पटरी पर गिर गए। जानकारी के मुताबिक, इस घटना में पांच यात्रियों की जान चली गई और आठ अन्य घायल हो गए। बाद में, एक नवंबर को रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसमें सहायक मंडल अभियंता विशाल डोलास, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर समर यादव सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी शामिल हैं, जिनके पास उस ट्रैक के रखरखाव की जिम्मेदारी थी जहां यह हादसा हुआ।

लेटेस्ट न्यूज

Rakesh Kamal Trivedi
Rakesh Kamal Trivedi Author

20 सालों से अधिक टीवी पत्रकारिता के अनुभव के साथ वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत चैनल के डिप्टी न्यूज एडिटर पद पर कार्यरत हैं। अपराध जगत और शोध पत्रकारि... और देखें

End of Article