पंकजा मुंडे का PA गिरफ्तार (फाइल फोटो | PTI)
Mumbai News: महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे के निजी सहायक (PA) अनंत गर्जे को अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वर्ली पुलिस के अनुसार, गर्जे की पत्नी और सरकारी केईएम अस्पताल में दंत चिकित्सक के रूप में कार्यरत डॉ. गौरी पालवे (28) ने शनिवार को अपने वर्ली स्थित फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद मृतका के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि गौरी को उसके पति और दो अन्य रिश्तेदार लगातार प्रताड़ित करते थे। शिकायत के आधार पर वर्ली पुलिस ने अनंत गर्जे और उसके दो परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि गर्जे को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया और उसे दिन में ही अदालत में पेश किया जाएगा। दोनों का विवाह इसी वर्ष फरवरी में हुआ था। शादी के महज नौ महीने के भीतर हुई इस घटना ने परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मृतका के परिवार का कहना है कि गौरी को उसके पति द्वारा मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। परिवार ने यह भी दावा किया कि विवाह के बाद गर्जे का किसी अन्य महिला से संबंध था, जिसे लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। शिकायत में कहा गया है कि गौरी ने उसे कई बार मोबाइल पर दूसरी महिला से बात करते हुए पकड़ने की बात बताई थी।