मुंबई

Mumbai में लातूर एक्सप्रेस का इंजन हुआ खराब, लोकल ट्रेनों की चाल पड़ी धीमी

सीएसएटी जाने वाली लातूर एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आने से लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। इस दौरान ऑफिस समेत अन्य कामकाज के वास्ते घर से निकले यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Image

मुंबई लोकल

मुंबई: ठाणे जिले के कलवा स्टेशन के पास सोमवार की सुबह छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) जाने वाली लातूर एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे मुख्य लाइन पर मुंबई की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। सप्ताह के पहले दिन सुबह के व्यस्त समय में सीएसएमटी की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं कम से कम 15 से 20 मिनट देरी से चलीं।

कलवा स्टेशन पर ट्रेन खराब

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि लातूर एक्सप्रेस को सुबह करीब साढ़े आठ बजे इसके इंजन में ‘ब्रेक प्रेशर’ की समस्या के कारण कलवा स्टेशन पर लगभग 20 मिनट तक रोका गया, जिसके बाद उसे ठाणे स्टेशन ले जाया गया। लातूर एक्सप्रेस के पीछे चल रही नागपुर-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस लगभग 20 मिनट तक रुकी रही। कुछ कार्यकर्ताओं ने मध्य रेलवे के परिचालन संबंधी निर्णयों पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने मध्य रेलवे की आलोचना विशेष रूप से कल्याण और ठाणे स्टेशनों के बीच पांचवीं और छठी पटरी उपलब्ध होने के बावजूद सीएसएमटी जाने वाली मेल या एक्सप्रेस ट्रेनों को कलवा स्टेशन के रास्ते फास्ट कॉरिडोर पर चलाने के लिए की। उन्होंने तर्क दिया कि अतिरिक्त पटरियों के उपयोग से भीड़भाड़ कम करने और लंबी दूरी की ट्रेनों की देरी कम करने में मदद मिल सकती थी।

बदलापुर रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन

उल्लेखनीय है कि 20 अगस्त को ठाणे जिले के बदलापुर रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन के कारण मुख्य लाइन के अंबरनाथ-कर्जत खंड पर लोकल ट्रेन सेवाएं 10 घंटे तक स्थगित रहने से यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ा था। देश के सबसे व्यस्त रेलवे जोन में से एक, मध्य रेलवे अपने चार मुख्य गलियारों- मेन, हार्बर, ट्रांस-हार्बर और बेलापुर-उरण पर प्रतिदिन 1800 से अधिक उपनगरीय सेवाएं संचालित करता है। इन सेवाओं से प्रतिदिन लगभग 40 लाख यात्री यात्रा करते हैं और इसलिए इसका समयबद्ध और कुशल परिचालन लाखों लोगों के दैनिक जीवन के लिए महत्वपूर्ण हो जाता है।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें