अमेरिका से बेहतर होगा भारत का सड़क बुनियादी ढांचा- गडकरी
देश के बुनियादी ढांचे के भविष्य पर विश्वास व्यक्त करते हुए गडकरी ने कहा, ‘‘ अगले दो वर्षों में भारत का सड़क बुनियादी ढांचा अमेरिका से बेहतर होगा।’’ मुंबई और गोवा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग से इन स्थानों के बीच यात्रा का समय कम होने तथा कोंकण क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। गडकरी ने राजमार्ग को पूरा करने में आने वाली कई चुनौतियों को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘ मुंबई-गोवा राजमार्ग को लेकर कई कठिनाइयां थीं लेकिन चिंता न करें... हम इस जून तक सड़क का 100 प्रतिशत काम पूरा कर लेंगे।’’
जल्द नई टोल नीति लाएगी सरकार
गडकरी ने भूमि अधिग्रहण में देरी के लिए कानूनी विवादों तथा आंतरिक संघर्षों को मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा, ‘‘ भाइयों के बीच झगड़े थे, अदालतों में मामले थे और भूमि के लिए मुआवजा देने में अंतहीन जटिलताएं थीं। अब वे मुद्दे सुलझ गए हैं और मुंबई-गोवा राजमार्ग पर काम ने गति पकड़ ली है।’’ गडकरी ने जल्द ही पूरे देश में भौतिक टोल बूथ हटाने की बात भी दोहराई। उन्होंने कहा, ‘‘ केंद्र सरकार जल्द ही एक नई टोल नीति पेश करेगी। मैं अभी इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं बोलूंगा, लेकिन अगले 15 दिन में एक नई नीति की घोषणा की जाएगी। इसके लागू होने के बाद, किसी के पास टोल के बारे में शिकायत करने का कोई कारण नहीं बचेगा।’’ मंत्री ने यहां दादर क्षेत्र में सामाजिक संगठन अमर हिंद मंडल द्वारा आयोजित ‘वसंत व्याख्यानमाला’ में यह बात कही।
(इनपुट - भाषा)
