मुंबई

Mumbai News: चकाचक होंगी मुंबई की सड़कें, 6000 करोड़ रुपए से बनेगी 400 किमी कंक्रीट रोड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 6, 2023, 12:43 PM IST

Mumbai News: मुंबई की सड़कों में गड्ढों से जल्द लोगों को निजात मिलने वाली है। शहर में 400 किमी सड़कों को कंक्रीट की बनाने का फैसला किया गया है। यह फैसला बीएमसी ने लिया है। इसके लिए बीएमसी ने 6,080 करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया है। बीएमसी ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में अनुभवी पांच बड़ी निर्माण फर्मों को कॉन्ट्रैक्ट भी दे दिया है।

Image

400 किमी सड़कों को कंक्रीट की बनाया जाएगा

KEY HIGHLIGHTS
  • मुंबई की सड़कों में गड्ढों से जल्द लोगों को मिलेगी निजात
  • 400 किमी सड़कों को कंक्रीट की बनाने का फैसला
  • पांच बड़ी निर्माण फर्मों को कॉन्ट्रैक्ट दिया


Mumbai News: मुंबई की सड़कों पर वाहन चालने वालों को बहुत जल्द गड्ढों वाली सड़कों से छुटकारा मिलने वाला है। शहर की 400 किमी सड़क को कंक्रीट की बनाने के लिए बीएमसी ने 6,080 करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया है। इसके लिए बीएमसी ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में अनुभवी पांच बड़ी निर्माण फर्मों को कॉन्ट्रैक्ट भी दे दिया है। निर्माण के अलावा कॉन्ट्रैक्ट कंपनी को 10 साल के लिए रखरखाव करना होगा। यह पहली बार है जब बीएमसी ने सड़क कॉन्ट्रैक्ट पर यह सबसे कड़ी शर्तें रखी हैं, जिसके अनुसार दस साल तक इन सड़कों का रखरखाव करना होगा।

गौरतलब है कि बीएमसी ने शहर के लोगों को अच्छी सड़कें उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। इस मामले में बीएमसी की ओर से जानकारी देते हुए कहा गया है कि अगले सप्ताह कंट्रैक्ट कंपनियों को आशय पत्र जारी किए जाएंगे। इसके बाद मार्च में 375 किमी की कंक्रीट सड़कों के लिए एक और टेंडर निकाला जाएगा।

25 साल तक चलने वाली हैं कंक्रीट की सड़कें

बीएमसी ने कहा है कि सीमेंट-कंक्रीट सड़कों के लिए यह आखिरी टेंडर होगा। इसके साथ ही मुंबई में पूरे 2,000 किमी सड़क नेटवर्क को पूरी तरह से पक्का कर लिया जाएगा। सीमेंट-कंक्रीट की सड़कें 25 साल तक चलने वाली होती हैं। अच्छी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए और सड़कों की चौबीस घंटे निगरानी के लिए हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे बीएमसी सर्वर से जोड़े जाएंगे। पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में सीमेंट-कंक्रीट सड़कों के लिए निर्माण के पांच अनुबंधों के लिए सोलह फर्मों ने बोली लगाई थी, जिसमें से पांच को चुना गया है।

तीन सप्ताह में वर्क ऑर्डर जारी होंगे

पश्चिमी उपनगरों को 4,000 करोड़ रुपये के तीन अनुबंधों के साथ सबसे बड़ा हिस्सा आवंटित किया गया है। पूर्वी उपनगरों में 846 करोड़ रुपये का अनुबंध है, जबकि शहर के अंदर इसकी लागत 1,234 करोड़ रुपये आंकी गई है। डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर (इंफ्रास्ट्रक्चर) उल्हास महाले ने बताया कि वह तीन सप्ताह में वर्क ऑर्डर जारी करने की योजना बना रहे हैं। इसके तुरंत बाद काम शुरू हो सकता है। गौरतलब है कि मुंबई की कई सड़कें बारिश के मौसम में बेहद खराब हो जाती हैं। कई सड़कों पर गहरे गड्ढे तक देखने को मिले है, जिनको अब दूर किया जा सकता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article