मुंबई

ATM ऑपरेट करने में मदद के नाम पर लगाया 8 लाख का चूना, धरा गया ठग; देखें वीडियो

ATM में यदि कोई आपकी मदद करने की कोशिश कर रहा है तो उसे ना कहें और उसके वहां से दूर जाने के बाद ही ATM ऑपरेट करें। क्योंकि मदद के नाम पर ठगी करने वालों की कमी नहीं है। ऐसे ही एक शख्स को ठाणे में गिरफ्तार किया गया है।

Image

एटीएम में मदद के नाम पर ठगी

Photo : Twitter

ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी के काम खड़े कर दिए। पुलिस ने कल्याण में एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जिस पर बहुत से लोगों को एटीएम ऑपरेट करने में मदद नाम पर ठगा और उन्हें लगभग 8 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस और RBI की तरफ से बार-बार संदेश दिया जाता है कि किसी भी अंजान व्यक्ति से एटीएम ऑपरेट करने में मदद न लें। इसके बावजूद लोग ऐसी गलती करते हैं और फिर अपनी मेहनत की कमाई इन लोगों के हाथों गंवा देते हैं।

@Mumbaikhabar9 नाम से एक एक्स हैंडल पर एक वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें यह शख्स दो महिलाओं को एटीएम मशीन से पैसे निकालने में मदद करता हुआ दिख रहा है। मंगलवार 16 अप्रैल यानी कल अपलोड हुए इस वीडियो के साथ मैसेज में लिखा है - 'इस शख्स को देखें, जिसने कल्याण स्टेशन के बाहर एटीएम में कई महिलाओं को ठगा है। उनकी मदद के नाम पर यह व्यक्ति इनका पिन देख लेता है और उनका एटीएम कार्ड लेकर उन्हें नकली कार्ड थमा देता है। बाद में यह शख्स उनके एटीएम कार्ड की मदद से उनके अकाउंट से पैसे निकाल लेता है।' इसके साथ इस पोस्ट में इस व्यक्ति का नाम दीपक झा बताया गया है और कहा गया है कि इसने ऐसे 16 क्राइम किए हैं। उसके पास से 72 कार्ड भी मिले हैं।

दीपक झा नाम का यह व्यक्ति उल्हासनगर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दीपक झा के साथ एक एक शख्स है, जो इस अपराध में उसका साथ देता है और पुलिस को उसकी तलाश है। पुलिस ने आरोपित से 72 एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं। दीपक झा के झांसे में आने के बाद दो महिलाओं ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे धर-दबोचा।

ठाणे में इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। अभी तीन-चार दिन पहले ही एक बिजली बिल फ्रॉड केस में 60 वर्षीय एक बिजनेसमैन के साथ स्कैमर्स ने 14.80 लाख की धोखाधड़ी की। उस व्यक्ति के पास एक टैक्स्ट मैसेज आया था कि उनका बिजली का बिल जमा नहीं हुआ है। इसके बाद स्कैमर्स ने उन्हें अपने फोन पर एक रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड करने के लिए मना लिया। बस फिर क्या था, स्कैमर्स ने उनके बैंक अकाउंट से लाखों रुपये उड़ा दिए। यह बिजनेसमैन भी कल्याण का ही निवासी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article