मुंबई

महाराष्ट्र FDA की सख्त कार्रवाई, दो और कफ सिरप पर लगा बैन; डॉक्टर की पर्ची के बिना नहीं बिकेंगे Cough Syrups

महाराष्ट्र FDA ने बच्चों की सुरक्षा के लिए दो और कफ सिरप पर बैन लगा दिया है। ये कफ सिरप रेस्पिफ्रेश टीआर और रिलीफ सिरप हैं। जांच में इन सिरपों में डायथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) अधिक मात्रा में पाया गया था।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Maharashtra Cough Syrups Ban: देश में खांसी रोकने वाली कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामलों के बाद कार्रवाई तेज हो गई है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मंगलवार को दो और कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया है। इन दोनों सिरपों को गुजरात स्थित फार्मा कंपनियां बना रही थीं। FDA के मुताबिक, मध्य प्रदेश से जांच के लिए भेजे गए सैंपल में डायथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) की मात्रा अधिक पाई गई है। यह कैमिकल काफी खतरनाक है जो बच्चों के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकता है। जांच में यह भी सामने आया कि इन सिरपों की गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरी, इसलिए इन्हें मिलावटी और असुरक्षित घोषित किया गया।

प्रतिबंधित कफ सिरपों के नाम

  • रेस्पिफ्रेश टीआर (Respifresh TR)
  • रिलीफ सिरप (Relief Syrup)

कप सिरप बनाने वाली कंपनियों के नाम

कप सिरप रेस्पिफ्रेश टीआर का उत्पादन मैसर्स रेडनेक्स फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाता था। रिलीफ सिरप को शेप फार्मा प्राइवेट लिमिटेड बना रही थी। महाराष्ट्र एफडीए ने इस संदर्भ में एक निर्देश जारी किया है। इसके तहत राज्य के सभी दवा विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे डॉक्टर की वैध पर्ची (प्रिस्क्रिप्शन) के बिना बच्चों के लिए कोई भी कफ सिरप या दवा न बेचें।

FDA के संयुक्त आयुक्त डॉ. आर. गहाणे ने बताया कि “ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स नियम, 1945 के तहत अनुसूची एच, एच-1 और एक्स की सभी दवाएं केवल डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन पर ही दी जा सकती हैं। खुदरा विक्रेताओं को ग्राहकों को यह समझाना चाहिए कि बच्चों को दी जाने वाली दवाएं बिना डॉक्टर परामर्श के नुकसानदायक हो सकती हैं।” FDA की इस कार्रवाई के बाद राज्यभर में दवा दुकानों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article