मुंबई

मुंबई से भागा बांग्लादेशी नागरिक दुर्ग में चढ़ा कानून के हत्थे, भारत से भागने की फिराक में था युवक

मुंबई से फरार एक बांग्लादेशी नागरिक को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जीआरपी ने शालीमार एक्सप्रेस ट्रेन से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बांग्लादेश के नोडाइल निवासी आजमीन शेख (19) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ नवी मुंबई के रबाले थाने में अवैध रूप से भारत में प्रवेश का मामला दर्ज है। वह मुंबई पुलिस की अभिरक्षा से फरार होकर बांग्लादेश भागने की कोशिश कर रहा था।

Image

मुंबई से फरार बांग्लादेशी युवक दुर्ग में गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो | istock)

Photo : iStock

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने मुंबई से फरार बांग्लादेशी नागरिक को ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार की शाम मुंबई पुलिस ने दुर्ग जीआरपी को सूचना दी कि एक बांग्लादेशी नागरिक कुर्ला-हावड़ा शालीमार एक्सप्रेस से हावड़ा की ओर रवाना हुआ है। मुंबई पुलिस की सूचना पर दुर्ग जीआरपी ने शाम लगभग सात बजे शालीमार एक्सप्रेस के दुर्ग पहुंचते ही उसकी तलाशी ली और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।

आरोपी के पास से नहीं मिला कोई दस्तावेज

अधिकारी ने बताया कि जब संदिग्ध से पूछताछ की गई तब उसने मौके पर कोई दस्तावेज नहीं दिखाया या और सवालों के गोलमोल जवाब देने लगा। बाद में उससे थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम आजमीन शेख (19) बताया तथा वह बांग्लादेश के नोडाइल जिले का निवासी है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद दुर्ग जीआरपी ने इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस दुर्ग पहुंच गई है और आरोपी को अपने साथ ले जाने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

आरोपी के खिलाफ मुंबई में मामला दर्ज

जीआरपी दुर्ग के थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया की आरोपी आजमीन के खिलाफ नवी मुंबई के रबाले थाने में अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का मामला दर्ज है। वह मुंबई पुलिस की अभिरक्षा से फरार होकर बांग्लादेश जाने की कोशिश में था।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article