महाराष्ट्र के सोलापुर में पुणे के हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई है। इस मुठभेड़ में आरोपी की मौत हो गई। पुणे क्राइम ब्रांच को आरोपी की लंबे समय से तलाश थी। एक गुप्त जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई कर आरोपी को मुठभेड़ में पकड़ा और गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुणे क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि आरोपी का नाम शाहरुख उर्फ अट्टी रहीम शेख है। उसकी उम्र 23 वर्ष की है और उसके खिलाफ पुणे में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को आरोपी की लंबे समय से तलाश थी। अधिकारी ने आगे बताया कि उन्हें सूचना मिली थी की आरोपी कुछ समय से सोलापुर के लांबोटी गांव के पास छिपा हुआ है। इस जानकारी के आधार पर पुणे क्राइम ब्रांच की एक टीम शनिवार शाम उसे गिरफ्तार करने के लिए आधी रात को लांबोटी पहुंची।
आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस ने उस घर पर छापेमारी की, जहां आरोपी शाहरुख छुपा हुआ था। पुलिस को देख आरोपी ने उन पर गोलियां चलाई। बचाव करते हुए पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसमें आरोपी शाहरुख को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़कर तुरंत इलाज के लिए सोलापुर सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। हालांकि इलाज के दौरान आरोपी शाहरुख की मौत हो गई।
