मुंबई

Thane News: सोचा था मिलेगी शोहरत, मिली हिरासत; नकली क्राइम सीन के रील ने पहुंचाया चार को हवालात

सोमवार की रात नवी मुंबई इलाके के चार व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस को यह सूचना मिली थी कि ये लोग अपहरण या हत्या जैसी किसी अपराध में लिप्त हैं। नकली क्राइम सीन बना कर उसका रील बनाने की कोशिश कर रहे इन लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की तब जाकर मामला खुला। पुलिस ने कंटेट क्रिएटर्स से जिम्मेदारी बरतने की अपील की है।

Image

नकली क्राइम सीन पर रील बनाने को लेकर चार गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)

Thane News: सोशल मीडिया पर अपने कारोबार के प्रचार के लिए रील बनाना चार लोगों पर भारी पड़ गया। नवी मुंबई में लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए, बिना प्रशासन की अनुमति के कुछ लोग एक नकली क्राइम सीन की शूटिंग कर रहे थे। सीन देखकर घबराए व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने सबको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार, 15 अप्रैल को इस घटना की जानकारी दी।

शख्स ने घबरा कर दी सूचना

अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:45 बजे सानपाड़ा इलाके में एक सफेद कार देखी गई, जिसकी डिक्की से इंसान का एक हाथ बाहर निकला हुआ था। इस दृश्य के वीडियो और फोटो रात में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

दृश्य देखकर घबराए एक व्यक्ति ने सानपाड़ा पुलिस को संभावित अपहरण या हत्या की आशंका जताते हुए सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार का पता लगाकर चालक सहित चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

आरोपी कर रहे थे वीडियो शूटिंग

पुलिस के अनुसार, उनमें से एक व्यक्ति नवी मुंबई के कोपरखैरने इलाके में लैपटॉप की दुकान चलाता है और बाकी लोगों के साथ मिलकर अपने व्यवसाय के प्रचार के लिए एक रील बना रहा था।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि यह वीडियो शूट एक नाटकीय दृश्य के रूप में तैयार किया गया था। कार की डिक्की से बाहर लटकता हुआ मानव हाथ देखने पर लोगों में भय फैल गया और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने कंटेट क्रिएटर्स से की अपील

पुलिस अधिकारी ने कहा कि उद्देश्य चाहे प्रचार ही क्यों न हो, लेकिन इस तरह का तरीका बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए जनता में डर और अफरातफरी फैलाना उचित नहीं है।

पुलिस ने चारों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 (लापरवाह और खतरनाक ड्राइविंग) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने लोगों, विशेष रूप से ऑनलाइन कंटेट बनाने वालों से जिम्मेदारी से व्यवहार करने और इस प्रकार के स्टंट से बचने की अपील की है।

(इनपुट: भाषा)

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article