मुंबई

कोल्हापुर में परिवार के सदस्यों ने बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई परिवार की क्रूरता

Kolhapur News: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक परिवार ने संपत्ति के लालच में अस्पताल परिसर में अपने घर के एक बुजुर्ग की जमकर पिटाई की। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Crime News

कोल्हापुर में संपत्ति की लालच में परिवार के सदस्यों ने बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा

Kolhapur News: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के कागल से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के ग्रामीण अस्पताल परिसर में, 85 वर्षीय एक बुजुर्ग, शंकर गणपती निर्मले पर उन्हीं के परिवार के सदस्यों द्वारा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों ने बुजुर्ग की बेरहमी के पिटाई की। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

क्या थी बुजुर्ग पर हमला करने की वजह

इस अमानवीय कृत्य का कारण परिवार की 8 एकड़ कृषि भूमि को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। बता दें कि यह विवाद लंबे समय से चल रहा था और इस बार यह विवाद हिंसक रूप में बदल गया। जमीन को लेकर रिश्तेदारों ने अस्पताल परिसर में सारी मर्यादाओं को पार करते हुए शंकर गणपति निर्मले को निशाना बनाया और उनके साथ मारपीट की। इस तरह की घटनाओं से साफ होता है कि आज के समय में संपत्ति के लालच में रिश्तेदार किस हद तक जा सकते हैं। हैरान कर देने वाली बात ये है कि बुजुर्ग पर हमला करने वालों में केवल पुरुषों नहीं बल्कि घर की महिलाएं भी शामिल थी। इन सभी ने मिलकर उन्हें बुरी तरह से पीटा। परिवार के सदस्यों ने बुजुर्ग की पिटाई घर या आसपास के इलाकों में नहीं बल्कि एक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में की।

क्या है पूरा माजरा?

अपने ही परिवार के बुजुर्ग के साथ की गई रिश्तेदारों की क्रूरता पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि किस प्रकार जमीन के टुकड़े की लालच ने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। इस वीडियो को देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। पुलिस ने वीडियो के आधार पर परिवार के 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। कागल पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज

End of Article