मुंबई

Thane: रिटार्यड पुलिस और डॉक्टर को साइबर ठगों ने बनाया शिकार, इन्वेस्टमेंट के नाम पर उड़ाए 1.44 करोड़

ठाणे में एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी और उनके डॉक्टर मित्र से 1.44 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग से जुड़ी कंपनियों में निवेश करने के लिए ऊंचे रिटर्न का लालच दिया। शुरुआत में कुछ छोटे लाभ देकर भरोसा जीतने के बाद उन्होंने भुगतान बंद कर दिया और गायब हो गए।

investment fraud news thane

पहले दिया फायदा, फिर अचानक हुए गायब (सांकेतिक तस्वीर)

Thane News: ठाणे में एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी और उनके डॉक्टर दोस्त से कथित रूप से 1.44 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। अधिकारियों ने रविवार को जानकारी दी कि आरोपियों ने उन्हें एक फर्जी निवेश योजना में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर यह रकम हड़प ली।

ज्यादा रिटर्न का दिया था वादा

पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे और गोवा निवासी दो लोगों के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है। ठगी पिछले दो सालों में की गई। 67 वर्षीय पूर्व पुलिसकर्मी, जो महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में रहते हैं, और उनके डॉक्टर मित्र को आरोपियों ने शेयर ट्रेडिंग से जुड़ी दो कंपनियों में निवेश करने के लिए राजी किया। उन्हें असामान्य रूप से ऊंचे रिटर्न का वादा किया गया था।

पहले फायदा, फिर गायब

खडकपाड़ा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, “आरोपियों ने पहले कुछ छोटे-छोटे रिटर्न देकर पीड़ितों का भरोसा जीता। लेकिन बाद में सभी भुगतान बंद कर दिए। जब पीड़ितों ने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने कॉल से बचना शुरू कर दिया और बाद में पूरी तरह संपर्क तोड़ दिया।” कई प्रयासों के बाद भी रकम वापस न मिलने पर दोनों पीड़ित पुलिस के पास पहुंचे। शिकायत के आधार पर 21 नवंबर को विस्तृत जांच शुरू की गई, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस जांच जारी

अधिकारियों के मुताबिक, जांच टीम बैंक ट्रांजैक्शन, निवेश दस्तावेज और संचार रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि पैसे का पता लगाया जा सके और यह भी जाना जा सके कि क्या इसी तरीके से और लोगों को भी ठगा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 34 (सामान्य आशय) और महाराष्ट्र प्रोटेक्शन ऑफ इंटरेस्ट ऑफ डिपॉजिटर्स (एमपीआईडी) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

(इनपुट-पीटीआई)

लेटेस्ट न्यूज

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari Author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article