मुंबई : कोरोना वायरस फिर से डरावनी तस्वीर पेश कर रहा है। देशभर के विभिन्न राज्यों में संक्रमण का प्रसार देखा जा रहा है। केवल महाराष्ट्र में गुरुवार को कोविड-19 के 98 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में इस साल एक जनवरी से अब तक सामने आए कुल मामलों की संख्या 1,162 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि सामने आए 98 मामलों में से 48 मामले पुणे जिले से, 34 मुंबई से और छह ठाणे से हैं। एक जनवरी से अब तक कुल 14,565 नमूनों की जांच की गयी है, जिनमें से 1,162 सक्रिय पाए गए। इस अवधि में कुल 597 लोग ठीक हुए हैं, जबकि 17 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 16 अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे।
हालांकि, बुधवार से राज्य में इस बीमारी से किसी की मौत की सूचना नहीं है। एक जनवरी से मुंबई में सामने आए कुल मामलों की संख्या 575 है, जिनमें से 569 मई में दर्ज किए गए। एक अधिकारी ने बताया कि इस अवधि में पड़ोसी ठाणे नगर निगम में कुल मामलों की संख्या 131 है, जिनमें से 101 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है, 10 अस्पताल में भर्ती हैं, 19 घर पर पृथकवास में हैं और एक की मौत हो गई है।
बुधवार को आए थे 105 मामले
महाराष्ट्र में बुधवार को भी कोरोना वायरस के कुल 105 मामले सामने आए, जिनमें से 32 मामले मुंबई में सामने आए थे। मंगलवार से अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के कारण तीन मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें कोल्हापुर, नवी मुंबई और डोंबिवली नागरिक क्षेत्र में एक-एक मौत की सूचना है। ठाणे में बुधवार को कोरोना वायरस के चार नए मामले सामने आए थे, जिससे शहर में इस लहर के शुरू होने के बाद से संक्रमितों की कुल संख्या 130 हो गई। ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि शहर में हाल के दिनों में कोरोना वायरस से संबंधित केवल एक मौत दर्ज की गई है।
गुजरात में कल आए 119 नए मामले
गुजरात के स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के 119 नए मामले सामने आए, जिससे उपचाराधीन मामलों की संख्या 508 हो गई, जबकि संक्रमण से किसी मौत की खबर नहीं आई। विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में 119 नए मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस के कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 508 हो गई है। इनमें से 18 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 490 अन्य घर पर पृथकवास में इलाज करा रहे हैं।
ओडिशा में 23 मामले सामने आए
वहीं, ओडिशा में पिछले सात दिनों में कोरोना वायरस के 23 मामले सामने आए हैं। बुधवार को एक आधिकारिक बयान में यह कहा गया। इस अवधि के दौरान कुल 546 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 23 में वायरस की पुष्टि हुई।
