Mumbai News: मुंबई में लोगों को सहूलियत देने के लिए और जाम को खत्म करने के लिए सड़क इन्फ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जा रहा है। मुंबई से पुणे जाने वाले लोगों का सफर आसान बनाने के लिए एक नए कनेक्टर का निर्माण किया जा रहा है। अटल सेतु और मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे के बीच कनेक्टर का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद मुंबई से पुणे और पुणे से मुंबई बिना रुके पहुंचा जा सकता है। इससे न केवल जाम की समस्या खत्म होगी, बल्कि आवाजाही के समय में भी कमी आएगी, क्योंकि ये मार्ग सिग्नल फ्री होगा तो इसे ईंधन की भी बचत होगी। अटल सेतु कनेक्टर बनने से मुंबई और पुणे के लोगों को लाभ होगा।
कनेक्टर तैयार करने के लिए ठेकेदार तय
मुंबई-पुणें एक्सप्रेस-वे से अटल सेतु तक बनने वाले कनेक्टर का ठेके देने के लिए और इस पर चर्चा करने के लिए मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण ने कार्यकारी समिति के साथ बैठक की गई। बैठक में ठेकेदार की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। इस कनेक्टर के निर्माण का ठेका गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है।
घंटो का सफर 30 मिनट में होगा पूरा
अटल सेतु से मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे की बीच कनेक्टर बनने के बाद मुंबई से मुंबई पुणे एक्सप्रेस-वे पर जाने वाले लोगों को सबसे अधिक लाभ होगा। अभी मुंबई से मुंबई पुणे एक्सप्रेस-वे पर जाने में एक घंटे का समय लगता है। एलिवेटेड कॉरिडोर के बनने के बाद ये समय घटकर 30 मिनट का हो जाएगा। शिवडी से वाहन बिना रुके सीधा मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर पहुंच सकेंगे। जानकारी के अनुसार,अटल सेतु पर यात्रा करने वाले लोग मुंबई के शिवड़ी से नवी मुंबई तक मात्र 20 मिनट में पहुंच जाते हैं, लेकिन उसके बाद रायगड जिले के चिरले में अटल सेतु से उतरने के बाद वह ट्रैफिक जाम में फंस जाते हैं, जिसके चलते उनका बहुत समय ऐसे ही बर्बाद हो जाता है। इस समय को बचाने के लिए और लोगों को अधिक से अधिक सहूलियत प्रदान करने के लिए मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे और अटल सेतु के बीच कनेक्टर बनाने की तैयारी की जा रही है।
प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगेंगे 30 महीने
अटल सेतु और मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे के बीच कनेक्टर बनाने में करीब 30 महीने यानी 2 साल और 6 महीने का समय लगेगा। ये कनेक्टर करीब 6.50 किमी लंबा होगा और इसके निर्माण के लिए 5.50 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जानकारी के अनुसार इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में लगभग 1102.75 करोड़ रुपये की लागत लग सकती है। इस कनेक्टर के निर्माण का कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार इस कनेक्टर का कार्य अप्रैल 2024 से शुरू किया जाएगा।
