Robbers Arrested in Mumbai: टोल टैक्स वसूलने के लिए इस्तेमाल होने वाला फास्टैग (इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन प्रणाली) पुलिस का मददगार बन गया। इस प्रणाली की मदद से नवी मुंबई पुलिस ने लूटकांड को अंजाम देने वाले छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। 26 जनवरी को मुंबई-पुणे राजमार्ग पर 2.17 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया गया था। पनवेल थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल पाटिल के मुताबिक क्षेत्र में सफेद कार में सवार अपराधियों ने दूसरे एक कार को रोका था और उसमें सवार शख्स से रुपए और सामान लूटकर फरार हो गए थे।
पीड़ित ने पनवेल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस जांच दल ने पास स्थित एक नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी और सफेद कार की पहचान हुई। फिर पुलिस ने फास्टैग से कार और उसके मालिक की पूरी डिटेल हासिल की। इसके बाद कार का पता लगाकर उसका पीछा किया गया। पुलिस ने कार को खालापुर के पास स्थित नाके पर रोका। यहां वाहन के मालिक का पता लगाया गया। जानकारी होने पर लूट में शामिल छह आरापियों की तलाश शुरू कर दी गई।
