मुंबई

26/11 की बरसी : गेटवे ऑफ इंडिया पर कार्यक्रम करेगी NSG, आतंकवाद के खिलाफ दोहराया जाएगा संकल्प

26/11 मुंबई आतंकी हमले की कल यानी बुधवार को 17वीं बरसी है। इस अवसर पर NSG की तरफ से मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आतंकवाद की ऐसी घटना न दोहराने देने का संकल्प लिया जाएगा। इस आतंकी घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।

Image

मुंबई में 26 नवंबर 2008 को घातक आतंकी हमला हुआ था (Photo - PTI)

Photo : PTI

मुंबई : राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले की 17वीं बरसी के अवसर पर बुधवार को मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर एक कार्यक्रम करेगा। इसके साथ ही NSG ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने का संकल्प भी दोहराएगा। अधिकारियों ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ‘नेवरएवर’ विषय पर आधारित इस भव्य कार्यक्रम और संकल्प समारोह में उन लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इस हमले में बचे हुए लोगों और पीड़ितों को भी सम्मानित किया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य इस सामूहिक संकल्प की पुष्टि करना है कि ऐसी घटना फिर कभी न हो।

उन्होंने बताया कि एक समर्पित स्मारक क्षेत्र में शहीद हुए नायकों की तस्वीरें और नाम प्रदर्शित किए जाएंगे, साथ ही पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी व मोमबत्तियां जलाई जाएंगी।

अधिकारियों के अनुसार, मोमबत्तियों की मोम से एक ‘स्मारक’ भी बनाया जाएगा, जिसे भविष्य के समारोहों के लिए संरक्षित किया जाएगा।

इस स्मारक पहल के तहत, शहर के 11 कॉलेजों और 26 विद्यालयों के छात्र इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। अधिकारी ने बताया कि छात्र शांति, सतर्कता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता को मजबूत करने के लिए ‘नेवरएवर’ विषय के तहत संकल्प ग्रहण समारोह में भाग लेंगे।

गेटवे ऑफ इंडिया स्थल पर एक संकल्प बूथ और संदेश-लेखन कोना भी बनाया जाएगा, जिसमें लोग संकल्प ले सकेंगे और मृतकों व जीवित बचे लोगों के लिए संदेश साझा कर सकेंगे। अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में जीवित बचे लोगों और शहीदों के परिवारों को सम्मानित करने के साथ-साथ ऑडियो-विजुअल कार्यक्रम भी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि शाम को गेटवे ऑफ इंडिया को तिरंगे के रंग में रंगा जाएगा और ‘नेवरएवर’ शब्द प्रोजेक्ट किया जाएगा, जो मुंबई व देश के साहस की स्थायी भावना का प्रतीक है। ज्ञात हो कि मुंबई के कई हिस्सों में पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने 26 नवंबर, 2008 को एक साथ हमला किया था, जिसमें सुरक्षाकर्मियों और विदेशियों सहित 166 लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा घायल हुए थे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article